1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. मां ने मांगे खाने के पैसे तो बेटे ने कर दी हत्या, मैदानगढ़ी में बेटे की हैवानियत से सनसनी, बॉडी ठिकाने लगाने जुटा

मां ने मांगे खाने के पैसे तो बेटे ने कर दी हत्या, मैदानगढ़ी में बेटे की हैवानियत से सनसनी, बॉडी ठिकाने लगाने जुटा

 Published : Jul 29, 2026 11:43 pm IST,  Updated : Jul 29, 2026 11:44 pm IST

मैदानगढ़ी थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला चिंता देवी की हत्या से हड़कंप मच गया। परिवार के मुताबिक मां ने बेटे से खाने के लिए पैसे मांगे थे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बेटे ने मारपीट के बाद हथौड़े से हमला कर मां की जान ले ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Delhi Crime News- India TV Hindi
खाने के पैसे मांगने पर मां की हत्या Image Source : REPORTER INPUT

साउथ दिल्ली के मैदानगढ़ी इलाके में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे पर अपनी मां की पीट-पीटकर और हथौड़े से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि खाने के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद बेटे ने गुस्से में इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जानिए क्या है पूरा मामला। 

पैसों को लेकर बढ़ा विवाद

साउथ दिल्ली के मैदानगढ़ी थाना इलाके में कलयुगी बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां की पीट-पीटकर और हथौड़े से वार करके सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि मां ने खाने के लिए पैसे मांगे थे। जिस पर बेटा को गुस्से आ गया और उसने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मृतक महिला की पहचान चिंता देवी (60) के रूप में हुई है। जबकि आरोपी बेटे की पहचान आमोद के रूप में की गई है, वह अभी फरार चल रहा है। पुलिस ने बुजुर्ग महिला के बॉडी का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया है। 

बहू ने बचाने की कोशिश की

मृतक बुजुर्ग महिला चिंता देवी की बहू अनीता देवी ने वारदात के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह वारदात मंगलवार रात को हुई है। जब घर में उसका देवर आमोद, उसकी पत्नी, बच्चे और आमोद की मां चिंता देवी मौजूद थी। इस दौरान यह वारदात हुई है, जब बुजुर्ग मां ने बेटे से खाने के लिए पैसे मांगे और कहा कि मुझे भी पैसे चाहिए। लेकिन इस बात पर अमोद गुस्से में आ गया और उसने पहले बुरा भला कहा और जब उससे भी मन शांत नहीं हुआ तो उसने लात घूंसों से और फिर हथौड़े से वार करके अपनी ही मां की जान ले ली। 

शव ठिकाने लगाने की कोशिश

उसके बाद मृतक मां के बॉडी को बेड पर लिटा दिया और फिर उसे ठिकाना लगाने का प्लान करने लगा। घर के मेंबर को भी डराया, धमकाया जिससे कि इस वारदात के बारे में किसी को पता नहीं चल पाए। हालांकि, मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस को घायल हालत में मिली महिला

डीसीपी अनंत मित्तल ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह वारदात मैदान गढ़ी थाना के खड़क गांव में हुआ है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो बुजुर्ग महिला घायल हालत में घर के अंदर मिली। सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। क्राइम और एफ एस एल की टीम को मौके पर जांच के लिए बुलाया गया। पूछताछ में पता चला कि बुजुर्ग महिला के बेटे आमोद ने शराब के लिए पैसा मांगा, जब मां ने नहीं दिया तो वह हमला करके मौके से फरार हो गया। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है।

रिपोर्ट- नवीन कुमार, मैदानगढ़ी 

ये भी पढ़ेंः दिल्ली के भारत नगर पार्क में युवक-युवती पर चाकू से हमला, युवक की मौत, युवती की हालत गंभीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।