नई दिल्ली: दिल्ली में हाशिम बाबा गैंग का शूटर शिवम गिरफ्तार हो गया है। उसकी द्वारका पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई थी, जिसके बाद उसके पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली के द्वारका जिला में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, एनकाउंटर के दौरान गैंगस्टर हाशिम बाबा गैंग के शूटर को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया है। गैंगस्टर हाशिम बाबा गैंग का शूटर शिवम मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ, जिसके बाद उसे दबोचा गया।
नजफगढ़-गुरुग्राम UER-2 हाईवे पर द्वारका स्पेशल स्टाफ और हाशिम बाबा गैंग के मोस्ट वांटेड शूटर शिवम के बीच मुठभेड़ हुई।
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस के मुताबिक, शूटर शिवम किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहा था। इसी दौरान द्वारका स्पेशल स्टाफ की टीम ने उसे रोकने की कोशिश की। खुद को घिरा देख शिवम ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई।
दोनों तरफ से करीब 7 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में एक गोली शिवम के पैर में लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
मौके से पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी शिवम डाबरी थाना इलाके में एक नाबालिग समेत 2 लोगों की हत्या के मामले में मोस्ट वांटेड था। अब द्वारका पुलिस शिवम की क्राइम कुंडली खंगाल रही है और हाशिम बाबा गैंग के नेटवर्क को लेकर पूछताछ में जुटी है।
इससे पहले भी दिल्ली में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी और 26 राउंड गोलियां चली थीं। इस दौरान 2 बदमाश मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम घायल हुआ था। दोनों के पैर में गोली लगी थी। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। गनीमत रही कि वह बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में दोनों तरफ से कुल करीब 26 राउंड फायरिंग हुई।
पुलिस अब दोनों बदमाशों की क्राइम कुंडली निकाल रही है। दिल्ली पुलिस का संदेश साफ है कि किसी भी कीमत पर बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से बदमाशों के बीच एक स्ट्रॉंग मैसेज गया है।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, आउटर जिले में मुठभेड़ के बाद एक गैंग के दो शार्पशूटर गिरफ्तार