1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में पटाखों की अवैध बिक्री-भंडारण पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 1,073 किलो से ज्यादा पटाखे जब्त, 10 मामले दर्ज

दिल्ली में पटाखों की अवैध बिक्री-भंडारण पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 1,073 किलो से ज्यादा पटाखे जब्त, 10 मामले दर्ज

 Published : Oct 30, 2026 09:21 pm IST,  Updated : Oct 30, 2026 09:21 pm IST

दिल्ली पुलिस ने पांच थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पटाखों की बड़ी खेप जब्त की है। सबसे ज्यादा पटाखे सब्जी मंडी इलाके से बरामद हुए। सभी 10 मामलों में आगे की जांच जारी है।

Delhi Police Firecracker Seizure- India TV Hindi
दिल्ली में 1073 किलो अवैध पटाखे जब्त Image Source : ANI REPRESENTATIONAL IMAGE

दिल्ली पुलिस ने त्योहारों के मौसम में पटाखों की कथित अनधिकृत बिक्री, कब्जे और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान पांच थाना क्षेत्रों से 1,073 किलोग्राम से ज्यादा पटाखे जब्त किए गए और 10 एफआईआर दर्ज की गईं। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 16 से 27 अक्टूबर के बीच की गई।

पांच थाना क्षेत्रों में पुलिस की कार्रवाई

इस मामले में पांच थाना क्षेत्रों में कुल 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, 16 से 27 अक्टूबर के बीच लाहौरी गेट, बुराड़ी, कोतवाली, बाड़ा हिंदू राव और सब्जी मंडी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

सब्जी मंडी इलाके से सबसे ज्यादा पटाखे बरामद

पुलिस ने सबसे ज्यादा 622.88 किलोग्राम पटाखे सब्जी मंडी इलाके से जब्त किए। इसके बाद बाड़ा हिंदू राव से 178.5 किलोग्राम, कोतवाली से 107.6 किलोग्राम, लाहौरी गेट से 88.916 किलोग्राम और बुराड़ी से 75.53 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। सब्जी मंडी थाने में 23, 25 और 27 अक्टूबर को तीन एफआईआर दर्ज की गईं। इन मामलों में क्रमशः 272.58 किलोग्राम, 318.5 किलोग्राम और 31.8 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए।

बाड़ा हिंदू राव और कोतवाली में भी दर्ज हुए मामले

बाड़ा हिंदू राव इलाके में 24 और 25 अक्टूबर को तीन मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने पहले दो मामलों में 49.7-49.7 किलोग्राम और तीसरे मामले में 128.8 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। ये बरामदगी महावीर बाजार इलाके से हुई। वहीं, कोतवाली थाने में 18 और 27 अक्टूबर को दो एफआईआर दर्ज की गईं। पुलिस ने चांदनी चौक में अंगूरी बाग फूल वाला रोड से 93 किलोग्राम और मोती सिनेमा के पास से 14.6 किलोग्राम पटाखे जब्त किए।

लाहौरी गेट और बुराड़ी में भी जब्ती

लाहौरी गेट इलाके में 16 अक्टूबर को सर सोभा सिंह पॉलीक्लिनिक के बाहर से 88.916 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। इसके बाद एफआईआर दर्ज की गई। इसी तरह, 18 अक्टूबर को बुराड़ी के हिमगिरी इलाके में एक मकान के सामने से 75.53 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए और इस मामले में भी एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस ने बताया कि सभी 10 मामलों में आगे की जांच जारी है।

(रिपोर्ट- PTI) 

ये भी पढ़ेंः साइबर ठगों पर दिल्ली पुलिस का बड़ा प्रहार! 479.14 करोड़ फ्रॉड केस में 944 गिरफ्तार; सुलझाई गईं 4,002 शिकायतें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।