1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भरत भूषण तिवारी के श्राद्ध में श्रद्धाजलि देने पहुंच रहे हैं लोग, मूर्ति न लगाने देने पर भाई ने प्रशासन पर उठाए सवाल

भरत भूषण तिवारी के श्राद्ध में श्रद्धाजलि देने पहुंच रहे हैं लोग, मूर्ति न लगाने देने पर भाई ने प्रशासन पर उठाए सवाल

भोजपुर एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी का आज श्राद्ध किया जा रहा है। परिवार के लोग नम आंखों से ब्रह्मभोज का आयोजन कर रहे हैं। जिसमें आसपास के लोगों की भीड़ मृतक भरत भूषण को श्रद्धांजलि देने पहुंच रही है।

भरत भूषण तिवारी, फाइल फोटो- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV भरत भूषण तिवारी, फाइल फोटो

भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए भरत भूषण तिवारी के कथित एनकाउंटर में हुई मौत के बाद आज उनका श्राद्धकर्म और ब्रह्मभोज किया जा रहा है। भरत भूषण को श्रद्धांजलि देने बड़ी संख्या में लोग पहुंचने की उम्मीद है। जिसे लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर इंतजाम किए गए हैं।

सभी के खाने और बैठने की व्यवस्था की गई है। खाने के लिए बड़े स्तर पर एलपीजी सिलेंडर और कोयले का उपयोग किया जा रहा है, ताकि समय पर व्यवस्था पूरी की जा सके। श्राद्ध कार्यक्रम को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए स्थानीय लोग तत्पर दिखें। पीने के पानी की समस्या न हो इसके लिए टैंकरों की व्यवस्था की गई है। श्रद्धांजलि सभा के लिए भरत तिवारी के घर के पास ही टेंट लगाया गया है। बारिश के मौसम की वजह से वाटरप्रूफ टेंट का इंतजाम किया गया है।

परिजनों का कहना है कि वे इस कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना चाहते हैं। श्राद्ध और ब्रह्मभोज को ले कई जगहों से भरत तिवारी के परिजन को मदद भी मिली है। स्थानीय समाज सेवक भी इस कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। 

क्या है भरत भूषण तिवारी एनकाउंडर मामला

आपको बता दें दिनांक 17.06.2026 को बिलौटी गांव में पुलिस एनकाउंटर में भरत तिवारी की गोली लगने से मौत हो गई थी। भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने पुलिस के करवाई पर सवालिया निशान खड़े करते हुए कहा कि अभी तक क्या करवाई हुई ये पता ही नहीं चल रहा है, लेकिन न्यायालय पर भरोसा है। चंदन तिवारी ने कहा कि भरत तिवारी के मूर्ति निर्माण पर भी रोक लगा दी गई है। अगर प्रशासन मूर्ति नहीं बनने देगा तो हम खुद मूर्ति बनवाने का काम करेंगे।