सारण जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात अपराधियों ने बेखौफ अंदाज़ में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल हैं। वहीं पीड़ित के गांव के लोगों ने सड़कों पर आकर जमकर गुस्सा और प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी की और अपराधियों की फौरन गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, 28 जून 2026 की आधी रात करीब 12:20 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मेथवलिया चौक से चनचौरा जाने वाली सड़क पर एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस का गश्ती दल मौके पर पहुंचा तो वहां दो युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। दोनों की पहचान मेथवलिया गांव निवासी पंकज राय और मनीष कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने बिना देर किए दोनों को सदर अस्पताल, छपरा पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने पंकज राय को मृत घोषित कर दिया। मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हैं उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है।
2 युवकों को गोलियों से भूना
शुरुआती जांच में दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिलने के बाद यह साफ हो गया कि मामला सड़क हादसे का नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से हमले का है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरी जानकारी हासिल की।
दोहरे हत्याकांड का गवाह था एक युवक
पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उन्होंने इस हत्याकांड को और भी गंभीर बना दिया है। मृतक पंकज राय मुफ्फसिल थाना कांड संख्या-336/2024 के दोहरे हत्याकांड में एक महत्वपूर्ण गवाह था। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले पुलिस सुरक्षा के बीच न्यायालय में अपनी गवाही भी दर्ज कराई थी। ऐसे में इस हत्या को पुरानी अदावत, गवाही और आपराधिक साज़िश से जोड़कर देखा जा रहा है।
लोगों ने किया प्रदर्शन, लगाया जाम
घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले में SIT का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया है। सभी पहलुओं की तेजी से जांच की जा रही है। कई जगहों पर छापेमारी भी की गई है। वहीं घायल मनीष कुमार से मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
इनपुट: बिपिन श्रीवास्तव, सारण