बांका जिले के बेलहर प्रखंड के जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां डुमरहार गांव की छोटी नदी से पुलिस ने एक महिला का कटा हुआ सिर और बोरे में बंद खून से लथपथ कपड़े बरामद किए। महिला का धड़ अभी तक नहीं मिला, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतका की पहचान रांगा गांव निवासी नेफरू पंडित के बेटे विकास पंडित की 26 साल की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में की गई है। मृतका की पहचान मटिहानी गांव निवासी पिता सुखदेव पंडित और भाई मंटू पंडित ने की है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गला काटकर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है।
महिला का गला काटकर की गई हत्या
मृतका के पिता सुखदेव पंडित ने बताया कि रविवार सुबह ही उन्होंने बेटी के लापता होने की सूचना मिलने के बाद जिलेबियामोड़ थाना में आवेदन देकर ससुराल वालों पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया था। शाम में सूचना मिली कि डुमरहार गांव के पास जोर किनारे एक महिला का सिर बरामद हुआ है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने अपनी बेटी की पहचान की।
जानकारी के अनुसार महिला का सिर करीब डेढ़ फीट जमीन के अंदर दबा हुआ था, जिसे किसी कुत्ते ने नोचकर बाहर निकाल दिया। चरवाहों और राहगीरों की नजर पड़ने पर आसपास के गांव में ये खबर फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने मौके से महिला का सिर और पास में बोरे में पड़े खून से सने कपड़े अपने कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है।
मृतका के 3 बेटियां, एक 9 महीने की बच्ची
परिजनों ने बताया कि प्रियंका की तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी पल्लवी 4 साल, दूसरी बेटी कुसुम 3 साल और सबसे छोटी बेटी 9 महीने की है। परिवार का आरोप है कि हत्या के बाद शव को छिपाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई है। पुलिस ने मामले में मृतका के पति विकास पंडित, सास विमला देवी और एक नाबालिग ननद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
सिर मिला लेकिन धड़ की तलाश कर रही है पुलिस
थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर ने बताया कि एक महिला का कटा हुआ सिर और खून से सने कपड़े बरामद हुए हैं, लेकिन धड़ अभी तक नहीं मिला है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। तकनीकी जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और शव के धड़ की तलाश के लिए डॉग स्क्वायड की मदद से तलाश की जा रही है।
बेलहर एसडीपीओ रविंद्र मोहन प्रसाद ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला है। महिला की गला काटकर हत्या की गई है। धड़ की बरामदगी के लिए लगातार खोज की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
इनपुट- दीपक कुमार (बांका, बिहार)