बांका: बिहार के बांका जिले से बांग्लादेशी कपल और 2 बच्चों को पकड़ा गया है। इन लोगों ने बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रहने की बात कबूली है। पुलिस के अनुसार, परिवार पिछले तीन दिनों से मंदिर परिसर में रह रहा था। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शनिवार को चारों को न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
बांका जिले के जमदाहा ओपी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर (ठाकुरबाड़ी) से पुलिस ने एक बांग्लादेशी दंपति और उनके दो बच्चों को हिरासत में लिया है। मामले का खुलासा मंदिर के संचालक विजय राय की सतर्कता से हुआ। उन्हें दंपति की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान दंपति ने स्वयं को बांग्लादेश का नागरिक बताया। पुलिस के अनुसार, उनके पास भारत में प्रवेश करने या यहां रहने से संबंधित कोई वैध वीजा या अन्य कानूनी दस्तावेज नहीं मिले।
सामने आई पहचान
पुलिस पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम मिल्टन हल्दर, निवासी बरिशाल (बांग्लादेश) और महिला ने अपना नाम झुमारानी दास, निवासी मुन्सिगंज, ढाका (बांग्लादेश) बताया। दंपति ने बयान में कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचार और परिवार के अन्य सदस्यों के लापता होने के बाद उन्होंने अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए भारत आने का निर्णय लिया।
दलाल को 20 हजार रुपये देकर अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार की
दंपति ने पुलिस को बताया कि करीब ढाई महीने पहले उन्होंने एक दलाल को 20 हजार रुपये देकर अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार की। इसके बाद वे पश्चिम बंगाल पहुंचे और पकड़े जाने के डर से वहां से उत्तर प्रदेश के वृंदावन चले गए। वृंदावन के विभिन्न मंदिरों में कुछ समय तक सेवा और पूजा-अर्चना करने के बाद वे घूमते हुए बिहार के बांका जिले में स्थित जमदाहा के राधा-कृष्ण मंदिर पहुंच गए, जहां पिछले तीन दिनों से रह रहे थे।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दंपति ने भारत में प्रवेश किस मार्ग से किया और क्या इस मामले में किसी स्थानीय व्यक्ति या अवैध नेटवर्क की भूमिका रही है। संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को भी मामले की जानकारी दिए जाने की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल चारों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जाएगी। (रिपोर्ट- दीपक कुमार)
ये भी पढ़ें-