Delhi NCR News: राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने अवैध घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच की टीम ने 13 अवैध बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा है। ये सभी बांग्लादेशी नागरिक कालियागंज बॉर्डर से एजेंट की मदद से भारत में घुसे थे। ये सभी मजदूर बनकर झुग्गियों-साइट्स में रह रहे थे। सभी को कानूनी प्रक्रिया के तहत डिपोर्ट किया जाएगा। इस पूरे मामले में गुरुग्राम पुलिस ने पूरी जानकारी दी है।
गुप्त सूचना पर क्राइम ब्रांच की छापेमारी
डीसीपी क्राइम हितेश यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए शहर की निर्माणाधीन साइट्स और झुग्गियों में विशेष चेकिंग की। इस दौरान बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया। जांच में इनके पास से बांग्लादेश की नागरिकता के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
मजदूर बनकर झुग्गियों में रह रहे थे अवैध बांग्लादेशी नागरिक
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये सभी आरोपी कालियागंज बॉर्डर से बांग्लादेशी एजेंट की मदद से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। यहां गुरुग्राम में मजदूर का वेश बनाकर निर्माण साइट्स और झुग्गियों में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक इन सभी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद डिपोर्ट किया जाएगा। फिलहाल झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में रह रहे लोगों के दस्तावेजों की सघन जांच जारी है।
गुरुग्राम पुलिस की RWA और नागरिकों से अपील
गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों और RWA से अपील की है कि संदिग्ध या अवैध विदेशी नागरिक की जानकारी तुरंत 112 या नजदीकी थाने में दें। साथ ही किराएदारों, घरेलू सहायकों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन जरूर कराएं।
पुलिस ने साफ कहा है कि वैध भारतीय और विदेशी नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा। अभियान को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बता दें कि हाल ही में गुरुग्राम की पालम विहार अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने चोरी के मामले 4 बांग्लादेशी बदमाशों को गिरफ्तार था। दिल्ली के वजीराबाद (संगम विहार) में रहते थे। इन चारों पर दिल्ली, हरियाणा और यूपी में दो दर्जन से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज थे। इन पर 3 राज्यों में 2 दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं।
(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)
ये भी पढ़ें-
नूंह में प्रशासन का बड़ा एक्शन, 18 एकड़ में अवैध रूप से बसी 3 कॉलोनियों को किया ध्वस्त