1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अजय देवगन के जुहू बंगले पर चला BMC का हथौड़ा, अवैध निर्माण के खिलाफ हुई कार्रवाई, जमींदोज की गईं दीवारें

अजय देवगन के जुहू बंगले पर चला BMC का हथौड़ा, अवैध निर्माण के खिलाफ हुई कार्रवाई, जमींदोज की गईं दीवारें

 Reported By: Saket Rai,  Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 17, 2026 12:38 pm IST,  Updated : Oct 17, 2026 12:38 pm IST

अजय देवगन के मुंबई के जुहू स्थित बंगले पर बीएमसी ने जमींदोज कर दिया है। बताया जा रहा है कि बंगले के अंदर बिना परमिशन के कुछ बदलाव करवाए गए थे, जिसके खिलाफ ये कार्रवाई हुई है और बंगले के उस हिस्से को गिरा दिया गया है।

ajay devgn- India TV Hindi
अजय देवगन के जुहू बंगले पर बीएमसी की कार्रवाई।

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन इन दिनों एक तरफ अपनी फिल्म 'दृश्यम 3' की सफलता का जश्न मना रहे हैं, जिसकी कमाई आसमान छू रही है और ये उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है तो दूसरी तरफ उनकी पत्नी काजोल पूरे परिवार के साथ नवरात्रि के जश्न में डूबी हैं। इस बीच अजय देवगन के बंगले पर मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी का हथौड़ा चल गया है। बताया जा रहा है कि अजय देवगन के जुहू स्थित बंगले में कथित अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ बीएमसी ने ये कार्रवाई की है और बंगले के कुछ हिस्सों को तोड़ दिया है। 7,802 वर्ग फुट में फैला अजय देवगन का ये बंगला कपोल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में स्थित है, जिस पर बीएमसी ने कार्रवाई की है।

नोटिस के बाद भी नहीं रुका काम

बताया जा रहा है कि बीएमसी ने बंगले में चल रहे अवैध निर्माण के खिलाफ अभिनेता को नोटिस भी दिया था, लेकिन नोटिस भेजे जाने के बावजूद काम नहीं रुका, जिसके चलते अब बीएमसी ने ये कार्रवाई की है। आरोप है कि बंगले में आंतरिक बदलाव किए जा रहे हैं। बंगले में विभाजन की दीवारें, खिड़कियां और अन्य निर्माण कार्य बीएमसी द्वारा आवश्यक अनुमति लिए बिना किए जा रहे थे। जरूरी मंजूरी के बिना निर्माण में बदलाव को लेकर पहले स्टॉप वर्क का नोटिस जारी किया गया और काम न रुकने के कुछ दिनों बाद अब बीएमसी ने ये कदम उठाया है।

तत्काल काम रोकने का नोटिस जारी किया गया था

मुंबई महानगरपालिका ने 10 सितंबर 2026 को मुंबई महानगरपालिका अधिनियम की धारा 354A के तहत नोटिस जारी करते हुए रिनोवेशन का काम तत्काल रोकने और साथ ही आवश्यक दस्तावेज व अनुमतियां पेश करने का निर्देश दिया था। हालांकि, नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा, जिसके कारण नगर निगम ने अनधिकृत निर्माण के कुछ हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। शनिवार को बीएमसी द्वारा उठाए गए कदम की कुछ तस्वीरें सामने आईं, जिनमें हथौड़े की मदद से निर्माण कार्य को तोड़ते देखा जा सकता है।

7,802 वर्ग फुट में फैला है अजय देवगन का बंगला 

अजय देवगन का यह बंगला मुंबई के जुहू इलाके में स्थित कपोल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में है। इस बंगले का क्षेत्रफल करीब 7,802 वर्ग फुट है। नगर निगम का कहना है कि, बीएमसी से अनुमति लिए बगैर अभिनेता के बंगले के अंदर कई तरह के बदलाव किए जा रहे थे। इनमें अंदरूनी हिस्सों में फेरबदल, पार्टिशन वॉल यानी विभाजन के लिए दीवार बनाना, खिड़कियों में बदलाव और अन्य निर्माण कार्य शामिल थे। बीएमसी का कहना है कि इन कामों के लिए जरूरी नगरपालिका की अनुमति नहीं ली गई थी।

ये भी पढ़ेंः जब शिवाजी साटम के लिए मसीहा बने नाना पाटेकर, पत्नी को हुआ कैंसर तो दिया साथ, प्रोड्यूसर से दिलाए थे पैसे

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।