1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बीजेपी का बड़ा आरोप- "प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी को गोली मारने की दी धमकी", की माफी की मांग

बीजेपी का बड़ा आरोप- "प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी को गोली मारने की दी धमकी", की माफी की मांग

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 16, 2026 06:38 pm IST,  Updated : Oct 16, 2026 06:42 pm IST

बीजेपी ने आरोप लगाया है कि प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी को गोली मारने की धमकी दी है। बीजेपी ने प्रशांत किशोर से माफी की मांग भी की है।

बीजेपी ने प्रशांत किशोर पर लगाए आरोप।- India TV Hindi
बीजेपी ने प्रशांत किशोर पर लगाए आरोप। Image Source : REPORTER INPUT

बिहार में सत्ताधारी बीजेपी ने शुक्रवार को जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को "गोली मारने की धमकी" देने का आरोप लगाया। बीजेपी ने पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से माफी की मांग भी की है। दरअसल, प्रशांत किशोर ने एक कार्यक्रम में कहा था कि "अगर अपराधियों को गोली मारना ही है तो सम्राट चौधरी से बड़ा कोई अपराधी नहीं है।" हालांकि उनके इस बयान की पुष्टि नहीं हुई है। इससे संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल बीजेपी ने प्रशांत किशोर से माफी मांगने की मांग की है।

प्रशांत किशोर ने क्या बयान दिया?

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में, बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर को राज्य में एनकाउंटर राज की आलोचना करते हुए सुना जा सकता है। वीडियो में प्रशांत किशोर को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "अगर अपराधियों को गोली मार देना ही एकमात्र उपाय है, तो मैं यह कहना चाहूंगा कि सम्राट चौधरी से बड़ा कोई अपराधी नहीं है।" वहीं बीजेपी ने प्रशांत किशोर के कथित बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई है। हालांकि इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की जा सकी है। 

बता दें कि प्रशांत किशोर, सम्राट चौधरी के लिए "अनपढ़ अपराधी" जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे बीजेपी नेता के विभिन्न चुनावी हलफनामों में उनके आपराधिक इतिहास और शैक्षणिक योग्यताओं को लेकर कथित विसंगतियों की ओर इशारा कर रहे हैं। 

बीजेपी ने माफी मांगने को कहा

वहीं बीजेपी नेता प्रेम रंजन पटेल ने प्रशांत किशोर की हालिया टिप्पणियों की निंदा की। उन्होंने प्रशांत किशोर को "लोकतांत्रिक शिष्टाचार" का पालन करने की सलाह दी। एक प्रेम रंजन पटेल ने कहा, "प्रशांत किशोर को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में आप ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं कर सकते, जिसमें हिंसा और धमकियां झलकती हों। उन्हें ऐसी टिप्पणियां करने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।"

इसके अलावा बिहार बीजेपी की महासचिव प्रीति शेखर ने भी प्रशांत किशोर पर "गुंडागर्दी" करने का आरोप लगाया। प्रीति शेखर ने कहा कि सम्राट चौधरी को इस पद के लिए "एनडीए (NDA) विधायकों ने सर्वसम्मति से" चुना था। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने 'पाकिस्तान को सपोर्ट करेंगे' वाला दिया बयान, विपक्ष ने घेरा तो दी सफाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।