1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी', विधायक के तौर पर शपथ लेने के बाद बोले प्रशांत किशोर

'मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी', विधायक के तौर पर शपथ लेने के बाद बोले प्रशांत किशोर

 Reported By: Nitish Chandra Written By: Niraj Kumar
 Published : Aug 17, 2026 02:13 pm IST,  Updated : Aug 17, 2026 02:43 pm IST

प्रशांत किशोर ने आज विधानसभा की सदस्यता की शपथ ली। बांकीपुर के विधायक के तौर पर शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मेरे लिए यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।

Prashant Kishor- India TV Hindi
प्रशांत किशोर ने विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ ग्रहण किया Image Source : REPORTER INPUT

पटना: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा में बांकीपुर के विधायक के तौर पर शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी मौजूद थे। शपथ ग्रहण के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस सदन के सदस्य श्री बाबू, अनुग्रह नारायण जी,  भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जी, नीतीश कुमार जी, लालू जी, रामविलास जी और सुशील मोदी जी रहे हैं, उस सदन के सदस्य के तौर शपथ लेना मेरे लिए गौरव की बात है। ये मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।

 समाज में बेहतरी के लिए आगे काम करूंगा

उन्होंने कहा कि समाज और राज्य के विकास के लिए अपने जीवन के बहुमूल्य वर्ष समर्पित करने वाले सैकड़ों विधायकों के दिखाए मार्ग पर काम करना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी भी है। प्रशांत किशोर ने कहा-" जिस सदन में सैकड़ों लोगों ने समाज के लिए और इस राज्य की बेहतरी के लिए अपने जीवन के बहुमूल्य साल लगाया है, उनसे प्रेरणा लेकर बिहार के समाज में बेहतरी के लिए आगे काम कर सकूं।"

बांकीपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की

प्रशांत किशोर ने तीन अगस्त को बिहार की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में जीत दर्ज कर चुनावी राजनीति में ऐतिहासिक शुरुआत की थी। उन्होंने 1995 से इस सीट पर काबिज बीजेपी को बड़ा झटका दिया था। प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले थे और उन्होंने बीजेपी के नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से हराया था। नीरज कुमार को 44,827 वोट मिले थे। यह उपचुनाव भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली करने के कारण कराया गया था।

10 हजार युवाओं को रोजगार

बता दें कि विधायक चुने जाने के बाद प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि वे अगले दो वर्षों में अपने विधानसभा क्षेत्र के कम से कम 10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने की व्यवस्था करेंगे। किशोर ने बांकीपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर आपका बच्चा पढ़ा-लिखा है लेकिन बेरोजगार है तो उसका सीवी हमारे कार्यालय में जमा करें। हम अगले दो वर्षों में कम से कम 10 हजार बच्चों को नौकरी दिलाएंगे। देशभर में मेरे बड़े संपर्क हैं और अतीत में जिन लोगों की मैंने मदद की है, उनके माध्यम से मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों में नौकरी मिले। 

उन्होंने कहा कि बिहार में जन सुराज की सरकार बनने के बाद राज्य के भीतर ही रोजगार उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी लेकिन फिलहाल युवाओं को बिहार के साथ-साथ राज्य के बाहर भी रोजगार के अवसर तलाशने होंगे। बांकीपुर से विधायक ने कहा कि रोजगार उपलब्ध कराने के अलावा वह शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जरूरतमंदों को खाद्यान्न और सामाजिक सुरक्षा पेंशन उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम करेंगे। किशोर ने कहा, ''एक साल के भीतर सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता इतनी बेहतर की जाएगी कि लोग अपने बच्चों का दाखिला वहां कराने लगें। अगर ऐसा नहीं हुआ तो निजी विद्यालयों में बच्चों का दाखिला कराने और उनकी फीस भरने की जिम्मेदारी प्रशांत किशोर की होगी।'' (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।