1. Hindi News
  2. बिहार
  3. धान के खेत में बिछा था मौत का जाल, करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत 3 की मौत

धान के खेत में बिछा था मौत का जाल, करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत 3 की मौत

 Written By: Ritu Raj
 Published : Oct 03, 2026 11:35 am IST,  Updated : Oct 03, 2026 11:35 am IST

सीतामढ़ी के बैरगनिया में खेत में लगाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है।

धान के खेत में बिछा था मौत का जाल, करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत 3 की मौत- India TV Hindi
धान के खेत में बिछा था मौत का जाल, करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत 3 की मौत Image Source : INDIA TV

बिहार के सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया प्रखंड के अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत स्थित तकिया टोला, वार्ड नंबर-5 में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। धान के खेत में बिछाए गए खुले बिजली के तार की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो-तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों की पहचान इस्लाम मंसूरी, उनकी पत्नी रुबैदा खातून और अस्मत अली के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, तकिया टोला के कुछ ग्रामीण सुबह अपनी खोई हुई भैंस की तलाश में घर से निकले थे। सुबह का समय होने के कारण खेत में अंधेरा और धुंधलका था। इसी दौरान ग्रामीण धान के खेत में बिछे खुले बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि इस्लाम मंसूरी, उनकी पत्नी रुबैदा खातून और अस्मत अली ने मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों में भी दहशत और आक्रोश

इस हादसे में साथ मौजूद दो-तीन अन्य ग्रामीण भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं घटनास्थल पर दो जंगली सूअर भी मृत पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में खुले बिजली के तार बिछाए गए होंगे। हालांकि, तार किसने और किस उद्देश्य से बिछाया था, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। एक ही घटना में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत से तकिया टोला और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी दहशत और आक्रोश का माहौल है।

थानाध्यक्ष ने कही ये बात
बैरगनिया थानाध्यक्ष अरविंद गिरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि खेत में जंगली सूअर से फसल बचाने के लिए बिजली का तार लगाया गया था। इसी की चपेट में आने से तीन लोगों की जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।