बिहार के मोतिहारी में अलग-अलग हादसों में 8 लोगों की मौत हो गई है। यहां बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान तीन युवक की मौत हो गई। इसके अलावा घोड़ासहन में एक महिला की डूबने से मौत हुई, जबकि पहाड़पुर में जिउतिया पर्व स्नान के दौरान चार नाबालिग बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। बता दें कि पहाड़पुर में जिउतिया पर्व पर स्नान के दौरान चार नाबालिग बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। इसी बीच बंजरिया थाना क्षेत्र में जन्मदिन मनाने गए तीन बच्चों की भी डूबने से मौत हो गई। इसी तरह घोड़ासहन प्रखंड क्षेत्र में जिउतिया पर्व में स्नान करने के दौरान एक महिला की मौत हो गई।
पहाड़पुर में चार बच्चियों की मौत
जिले पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव में जिउतिया पर्व के दौरान पोखरे में स्नान करने गई चार नाबालिग बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। हादसे में मृत बच्चियों की पहचान प्रमोद महतो की 13 वर्षीय बेटी सोनामति और 10 वर्षीय फूलमती, वीरेंद्र महतो की 10 वर्षीय बेटी सोनाली कुमारी तथा अच्छेलाल पासवान की 12 वर्षीय बेटी प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया गया है। सीओ रामसेवक पासवान ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बर्थडे मनाने गए तीन युवकों की मौत
जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र में जन्मदिन की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई, जब राजघाट छठ घाट पर स्नान करने के दौरान तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। हादसे में तीनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान समीर अंसारी (18), शकील अंसारी (18) और यश राज (17) के रूप में हुई है। तीनों चेलाहा टाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, छह युवक दो बाइकों से अपने दोस्त शाकिब का जन्मदिन मनाने राजघाट पहुंचे थे। पहले सभी ने केक काटकर जन्मदिन मनाया, इसके बाद नहर में स्नान करने लगे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। झाकिया और अजगरी चूड़ीहरवा टोला के करीब 21 गोताखोरों ने चट्टी जाल की मदद से तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद किए गए। वहीं सीओ कृष्णप्रताप सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वही इस घटना को लेकर प्रमुख अनिल कुमार उर्फ पप्पू यादव ने बेहद दुखद बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाढ़ के पानी और आसपास की नदियों में स्नान करने से बचें और सावधानी बरतें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। (इनपुट- अरविंद कुमार)