1. Hindi News
  2. बिहार
  3. शराब से लदा ट्रक पलटा तो मच गई लूट, महिला, बच्चे और बुजुर्ग बोलतें लेकर भागने लगे, ट्रक ड्राइवर फरार

शराब से लदा ट्रक पलटा तो मच गई लूट, महिला, बच्चे और बुजुर्ग बोलतें लेकर भागने लगे, ट्रक ड्राइवर फरार

 Published : Oct 02, 2026 02:05 pm IST,  Updated : Oct 02, 2026 02:05 pm IST

बिहार में शराब बंदी के बाद भी अवैध रूप से शराब की तस्करी जारी है। हाल ही में अररिया के रानीगंज थाना इलाके में शराब से लदा एक ट्रक पलट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने शराब लूटना शुरू कर दिया और बोलते लेकर भागने लगे।

अररिया में ट्रक पलटते ही मची शराब की लूट- India TV Hindi
अररिया में ट्रक पलटते ही मची शराब की लूट Image Source : INDIA TV

बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध शराब की तस्करी के मामले लगातार सामने आते रहते हैं। ताजा मामला अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र का है, जहां खरहट के पास टोल टैक्स के नजदीक शराब से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ लोग ट्रक से शराब की बोतलें निकालकर ले जाने लगे।

शराब से लदा ट्रक पलटा

जानकारी के मुताबिक, शराब से भरा ट्रक खरहट के पास टोल टैक्स के नजदीक अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रक का चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रक में बड़ी मात्रा में शराब लदी हुई थी।

शराब की मच गई लूट

जैसे ही आसपास के लोगों को ट्रक पलटने और उसमें शराब होने की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद कुछ लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से शराब की बोतलें निकालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते लोगों के बीच शराब की बोतलें ले जाने की होड़ मच गई। घटना से जुड़ी तस्वीरें भी सामने आई हैं। इनमें कई लोग दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के पास दिखाई दे रहे हैं और कुछ ग्रामीण ट्रक से शराब की बोतलें निकालकर अपने साथ ले जाते नजर आ रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।

शराब तस्करी की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब से लदा यह ट्रक कहां से आ रहा था और इसे बिहार में किस जगह पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही ट्रक के मालिक, चालक और शराब की सप्लाई से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसमें बरामद शराब के संबंध में भी कार्रवाई कर रही है। चालक और कंडक्टर के मौके से फरार होने के बाद उनकी तलाश की जा रही है।

बिहार में अवैध शराब की तस्करी  

गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद दूसरे राज्यों से अवैध तरीके से शराब पहुंचाने के मामले सामने आते रहे हैं। तस्कर शराब को अलग-अलग तरीकों से बिहार लाने की कोशिश करते हैं। पुलिस अब इस मामले के जरिए शराब की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

अरुण कुमार, अररिया

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।