1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. डेब्यू स्टार निकी ने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर रचा इतिहास, तोड़ा 10 साल पुराना रिकॉर्ड

डेब्यू स्टार निकी ने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर रचा इतिहास, तोड़ा 10 साल पुराना रिकॉर्ड

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 17, 2026 06:46 am IST,  Updated : Oct 17, 2026 06:48 am IST

रायपुर में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस जीत में दीप्ति शर्मा और डेब्यूटेंट निकी प्रसाद की शानदार साझेदारी ने अहम भूमिका निभाई।

Deepti Sharma- India TV Hindi
दीप्ति शर्मा Image Source : PTI

रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच पहला टी20 मैच खेला गया। इस मैच में भारतीय महिला टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया इस सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल करने में कामयाब रही है। टीम इंडिया की इस जीत में दीप्ति शर्मा और डेब्यूटेंट निकी प्रसाद ने अहम भूमिका निभाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने भारत के सामने 116 रन का टारगेट रखा था। इस टारगेट को टीम इंडिया ने 15.4 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस मैच में निकी प्रसाद ने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर बैटिंग में एक नया रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

निकी प्रसाद और दीप्ति शर्मा ने तोड़ा 10 साल पुराना रिकॉर्ड

भारतीय महिला टी20 क्रिकेट टीम के लिए निकी प्रसाद और दीप्ति शर्मा ने एक नया इतिहास रच दिया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ रायपुर में खेले गए मुकाबले में इन दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट या उससे नीचे के क्रम के लिए 82 रनों की शानदार साझेदारी की। इसी के साथ उन्होंने मिताली राज और अनुजा पाटिल के 10 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जिन्होंने 2016 में रांची में श्रीलंका के खिलाफ 77 रन बनाए थे। मुश्किल परिस्थिति में आकर निकी और दीप्ति की इस बेहतरीन साझेदारी ने न सिर्फ टीम को संभाला, बल्कि नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

दीप्ति शर्मा को मिला प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड

इस पूरे मुकाबले में अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन बेहद शानदार और यादगार रहा और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिया गया। जब भारत का टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढह गया था, तब दीप्ति क्रीज पर उतरीं और उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने कठिन समय में सिर्फ पारी को संभाला ही नहीं, बल्कि विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव भी बनाए रखा। दीप्ति ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों पर 49 रनों की अहम पारी खेली, इस दौरान उन्होंने 8 चौके लगाए। इसके अलावा उन्होंने इस मैच में किफायती गेंदबाजी भी की। अपने चार ओवर में उन्होंने सिर्फ 22 रन खर्च किए। हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

निकी प्रसाद ने भी बेहतरीन प्रदर्शन से जीता सबका दिल

वहीं दूसरी ओर, अपना पहला ही इंटरनेशनल मैच खेल रही युवा खिलाड़ी निकी प्रसाद का प्रदर्शन भी शानदार रहा। जब टीम सबसे ज्यादा दबाव में थी, तब निकी ने एक सुलझे हुए खिलाड़ी की तरह बल्लेबाजी की और टीम को संकट से बाहर निकाला। उन्होंने नाबाद रहते हुए 35 गेंदों पर 39 रनों की धैर्यपूर्ण पारी खेली और चौका लगाकर मैच को फिनिश किया। अंत में टीम इंडिया ने इस लक्ष्य को 15.4 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 भी इसी मैदान पर 18 अक्टूबर को खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें

आखिर कौन हैं झारखंड के 21 साल के कुमार कुशाग्र, पहली बार भारतीय वनडे टीम का बने हैं हिस्सा

शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के दौरे को लेकर लिया बड़ा फैसला, अपने खर्चे पर लेकर जाएंगे 4-5 नेट गेंदबाज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।