भारतीय क्रिकेट टीम के लिए आगामी न्यूजीलैंड का दौरा काफी अहम रहने वाला है, जिसमें पांच टी20 मैचों के अलावा पांच वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज भी मेजबान टीम के खिलाफ खेलनी है। ऐसे में टीम इंडिया के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल के लिए यह दौरा बिल्कुल भी आसान नहीं रहने वाला है, जिसमें टेस्ट सीरीज काफी अहम रहेगी। इसको लेकर अब कप्तान गिल ने एक ऐसा फैसला लिया है जो इससे पहले शायद ही किसी खिलाड़ी ने लिया होगा। शुभमन गिल आगामी न्यूजीलैंड के दौरे पर अपने खर्चे पर चार से पांच नेट गेंदबाज लेकर जाएंगे। विदेशी दौरे पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड भी खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए नेट गेंदबाजों की व्यवस्था करता है, लेकिन किसी भारतीय क्रिकेटर की ओर से अपने खर्च पर गेंदबाजों का अलग समूह ले जाने का यह पहला मामला माना जा रहा है।
टेस्ट की तैयारी के लिए थोड़ा पहले न्यूजीलैंड के दौरे पर रवाना होंगे शुभमन गिल
टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को लेकर समाचार एजेंसी पीटीआई को बीसीसीआई के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर बताया कि शुभमन न्यूजीलैंड दौरे के लिए 23 या 24 अक्टूबर को रवाना हो सकते हैं। उनके साथ जाने वाले चार से पांच गेंदबाजों के यात्रा और अन्य खर्चों का भुगतान वह खुद करेंगे। व्यस्त कार्यक्रम के कारण गिल न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भारत ए के टेस्ट मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे। उन्हें वनडे सीरीज के मुकाबले भी खेलने हैं और ऐसे में वह टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए अतिरिक्त समय निकालने के उद्देश्य से पहले ही न्यूजीलैंड रवाना होंगे। इससे उन्हें वहां की हालात के अनुकूल ढलने और रेड बॉल से अपने खेल को बेहतर बनाने का मौका मिलेगा।
न्यूजीलैंड दौरे से पहले गिल खेलेंगे रणजी मुकाबला
शुभमन गिल रणजी ट्रॉफी 2026-27 के सीजन के पहले मुकाबले में पंजाब की तरफ से निजी कारणों के चलते नहीं खेले थे, लेकिन छत्तीसगढ़ के खिलाफ 18 अक्टूबर से मुल्लांपुर में शुरू होने वाले पंजाब के दूसरे रणजी ट्रॉफी मैच में वापसी करने वाले हैं। यह मुकाबला न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले गिल को लाल गेंद से मैच अभ्यास का मौका देगा। ऐसे में सभी की नजरें उनके फॉर्म को लेकर भी रहने वाली हैं।
ये भी पढ़ें
आखिर कौन हैं झारखंड के 21 साल के कुमार कुशाग्र, पहली बार भारतीय वनडे टीम का बने हैं हिस्सा
शे होप ने तीन मैचों में ठोकी दो सेंचुरी, अब दिग्गजों की लिस्ट में शुमार होने के करीब