स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ब्रैड व्हील ने सिर्फ 30 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान करने के साथ सभी को हैरानी में डाल दिया। व्हील स्कॉटलैंड टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक थे, जिसमें उन्होंने चार टी20 वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया। ब्रैड व्हील ने अपने रिटायरमेंट का फैसला लेने के पीछे बड़ा कारण लगातार चोटिल होना बताया जिसके चलते उनका शरीर अब तेज गेंदबाजी की चुनौतियों को नहीं झेल सकता। व्हील ने साल 2016 में हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। ब्रैड व्हील ने वनडे और टी20 इंटरनेशनल मिलाकर कुल 44 मैच खेले और 51 विकेट लिए हैं।
बार-बार होने वाली चोटों के कारण मुझे यह फैसला लेना पड़ा
ब्रैड व्हील ने अपने रिटायरमेंट का फैसले लेने को लेकर दिए बयान में कहा कि मुझे हैम्पशायर के साथ बिताया अपना समय और एक प्रोफेशनल क्रिकेटर के तौर पर स्कॉटलैंड का प्रतिनिधित्व करना बहुत पसंद रहा। लेकिन दुर्भाग्य से बार-बार होने वाली चोटों के कारण मुझे यह फैसला लेना पड़ा और मैंने क्रिकेट से संन्यास लेने का निर्णय लिया है। यह मेरे लिए कोई आसान फैसला नहीं था, लेकिन मैं इससे संतुष्ट हूं। मेरी पीठ में चार स्ट्रेस फ्रैक्चर हुए थे और हाल ही में मेरे घुटने की सर्जरी भी हुई है। अब मेरा शरीर तेज गेंदबाजी की चुनौतियों को नहीं झेल सकता। स्कॉटलैंड के लिए खेलने का मौका मिलना मेरे और मेरे परिवार के लिए हमेशा बहुत मायने रखता है और मुझे इस बात पर हमेशा बहुत गर्व रहेगा। मैं भाग्यशाली रहा हूं कि मुझे चार वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड की तरफ से खेलने का मौका मिला और इस दौरान मुझे कई शानदार अनुभव मिले।
ऐसा रहा ब्रैड व्हील का करियर
इंटरनेशनल क्रिकेट में ब्रैड व्हील के प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 18 वनडे मैचों में खेलते हुए 23.07 के औसत से 18 विकेट हासिल किए हैं, जबकि 26 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने 30.95 के औसत से 24 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा ब्रैड व्हील ने लंबे समय तक काउंटी क्रिकेट में हैम्पशायर के लिए भी अलग-अलग फॉर्मेट में 131 मैच खेले हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में व्हील ने 59 मैचों की 97 पारियों में 34.56 के औसत से 140 विकेट हासिल किए हैं।
ये भी पढ़ें
शे होप ने तीन मैचों में ठोकी दो सेंचुरी, अब दिग्गजों की लिस्ट में शुमार होने के करीब
मिचेल स्टार्क के IPL 2027 में खेलने पर सस्पेंस, कहा - अभी तक कुछ पक्का नहीं है