भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच में तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। इसके बाद जिम्बाब्वे महिला टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 114 रनों का स्कोर बनाया है। जिम्बाब्वे की तरफ से बल्लेबाजी में केलिस नधलोवु ने ओपनिंग में 42 रनों की पारी खेली तो वहीं इसके अलावा शार्ने मेयर्स ने 33 गेंदों में नाबाद 43 रनों की पारी खेलने के साथ अपनी टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। वहीं टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो नंदिनी शर्मा ने 2 जबकि क्रांति गौड़, श्री चरणी और अरुंधती रेड्डी 1-1 विकेट अपने नाम करने में कामयाब रहीं।
साल 2027 की शुरुआत में भारत की मेजबानी में पहली आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होगा, जिसको लेकर टीम इंडिया के पास तैयारियों के नजरिए से अधिक समय नहीं बचा है। ऐसे में जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ होने वाली यह सीरीज काफी अहम रहने वाली है, जिसमें नई कप्तान स्मृति मंधाना के पास नए कॉम्बिनेशन को आजमाने का भी मौका रहने वाला है। टीम इंडिया का वनडे फॉर्मेट में अभी तक काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, लेकिन टी20 इंटरनेशनल में वह बड़े टूर्नामेंट में उम्मीद के अनुसार नहीं खेल सकी, ऐसे में मंधाना के लिए बतौर कप्तान यह एक बड़ी चुनौती रहेगी।
मंधाना अब तक 18 T20I मैचों में संभाल चुकी हैं कप्तानी
स्मृति मंधाना टीम इंडिया की फुल टाइम कप्तान बनने से पहले 18 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की जिम्मेदारी पहले संभाल चुकी हैं, जिसमें से टीम को 11 मैचों में जहां जीत हासिल हुई है। इसके अलावा मंधाना विमेंस प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिला टीम की कप्तानी को संभालते हुए दो बार WPL का खिताब जिता चुकी हैं। ऐसे में उनके लिए कप्तानी की जिम्मेदारी को संभालने का अनुभव पहले से हासिल है, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में नियमित कप्तान के तौर पर कैसा प्रदर्शन करती हैं इसको लेकर सभी की नजरें रहेंगी।
यहां पर देखिए पहले टी20 मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारतीय महिला टीम - शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना (कप्तान), अनुष्का शर्मा, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, नंदिनी शर्मा, क्रांति गौड़।
जिम्बाब्वे महिला टीम - न्याशा ग्वानज़ुरा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, बिलव्ड बिजा, जोसेफ़िन नकोमो (कप्तान), मोडेस्टर मुपाचिकवा (विकेटकीपर), मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिंडर चारे, तेंदई मकुशा, शार्ने मेयर्स।