भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच में रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया की नियमित कप्तान की तौर पर स्मृति मंधाना अपनी जिम्मेदारी का आगाज भी कर रही हैं, जिसमें उन्होंने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और जिम्बाब्वे की महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 114 रनों का स्कोर बनाया। वहीं इस मुकाबले की शुरुआत होने से पहले जब दोनों टीमों के खिलाड़ी राष्ट्रगान के लिए मैदान पर पहुंचे तो उससे पहले एक मिनट का मौन भी रखा गया जिसमें सभी खिलाड़ियों ने अपनी बांह पर काली पट्टी भी बांध रखी हुई थी। इसको लेकर बीसीसीआई की तरफ से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी गई।
जिम्बाब्वे के पूर्व खिलाड़ी के निधन पर बांधी काली पट्टी
रायपुर के स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच में टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ी बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर खेलने उतरे, जिसको लेकर बीसीसीआई की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि भारतीय क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम और मैच अधिकारी इस मुकाबले में जिम्बाब्वे की पूर्व क्रिकेटर और अंपायर सारा डाम्बानेवाना के हाल ही में हुए निधन पर उनके सम्मान और याद में काली पट्टी बांधे हुए हैं और उन्होंने एक मिनट का मौन भी रखा।
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए 114 रन
पहली बार भारतीय महिला टीम के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में जिम्बाब्वे महिला टीम खेल रही है, जिसमें यह उनका भारत का भी पहला दौरा है। पहले टी20 मैच में टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 114 रनों का स्कोर बनाया है। जिम्बाब्वे की तरफ से उनकी ओपनिंग बल्लेबाज केलिस नधलोवु ने 42 रनों की पारी खेली तो वहीं इसके अलावा अंतिम ओवर्स में बल्लेबाजी करने उतरी शार्ने मेयर्स ने 4 चौके और 2 छक्कों के दम पर 43 रनों की नाबाद पारी खेली। भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में नंदिनी शर्मा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट अपने नाम किए।
ये भी पढ़ें
30 साल की उम्र में ही इस खिलाड़ी ने लिया रिटायरमेंट का फैसला, लगातार चोटिल होने से था परेशान
शे होप ने तीन मैचों में ठोकी दो सेंचुरी, अब दिग्गजों की लिस्ट में शुमार होने के करीब