1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मधेपुरा में राजद विधायक के रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम

मधेपुरा में राजद विधायक के रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम

 Published : Oct 16, 2026 04:14 pm IST,  Updated : Oct 16, 2026 04:14 pm IST

मधेपुरा में एक युवक की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार, मोबाइल छीनने का विरोध करने पर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बता दें मृत युवक रंजन राजद विधायक चंद्रशेखर का ममेरा भाई है।

मधेपुरा मर्डर केस- India TV Hindi
मधेपुरा मर्डर केस Image Source : INDIA TV

मधेपुरा में शुक्रवार को एक युवक की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा गांव के वार्ड 7 निवासी सुनील यादव के बेटे प्रिंस रंजन के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह वह बाइक से बीएन मंडल विश्वविद्यालय आ रहे थे। इसी दौरान गोढ़ियारी चिमनी के पास नहर से पश्चिम उन्हें गोली मार दी गई। गोली उनकी पीठ में लगी है। प्रिंस रंजन शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से पल्सर बाइक पर सवार होकर विश्वविद्यालय के लिए निकले थे। बता दें, प्रिंस रंजन राजद विधायक चंद्रशेखर के ममेरे भाई थे।

मोबाइल छीनने का विरोध करने पर प्रिंस रंजन को मारी गोली

प्रिंस रंजन की हत्या के बाद राजद विधायक चंद्रशेखर ने जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। विधायक चंद्रशेखर ने बताया कि प्रिंस रंजन उनके करीबी रिश्तेदार थे। बदमाशों ने दो युवकों से मोटरसाइकिल और मोबाइल छीनने की कोशिश की थी। इसी दौरान मोबाइल देने का विरोध करने पर प्रिंस रंजन को गोली मार दी गई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में कोई भी व्यक्ति अपराधियों का शिकार हो सकता है। ऐसे में आम लोगों की जान और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है। 

उन्होंने कहा कि जिले में कोई भी सुनसान सड़क सुरक्षित नहीं रह गई है। जिस सड़क पर प्रिंस रंजन की हत्या हुई है, वहां पिछले छह महीने में मोबाइल और मोटर साइकिल छीनने की 12-14 घटनाएं हो चुकी हैं। विधायक के मुताबिक इस सड़क पर इस तरह की घटनाएं लगभग रोज हो रही हैं।

हत्यारों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग

राजद विधायक चंद्रशेखर ने सरकार के सुशासन के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल दावे करने से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी। पुलिस-प्रशासन को अपराध रोकने के लिए जमीन पर प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। विधायक ने प्रशासन से मांग की कि प्रिंस रंजन की हत्या में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि यदि सरकार आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर है, तो ऐसे संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित करनी चाहिए।

जांच में जुटी पुलिस

सदर एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। लेकिन पुलिस अपराधियों की पहचान करने के साथ साथ गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी शुरू कर दी है।

(मधेपुरा से मनीष कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

गंगा में समा गईं मासूम जिंदगियां, राघोपुर नाव हादसे में 13 की मौत; मृतकों में ज्यादातर स्कूली छात्र

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।