1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. LIVE: सीजेपी के 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात, कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू, ट्रैफिक रूट डायवर्ट
  Live Now

LIVE: सीजेपी के 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात, कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू, ट्रैफिक रूट डायवर्ट

 Written By: Khushbu Rawal
 Updated : Oct 16, 2026 12:03 pm IST

CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके ने आज दिल्ली के कनॉट प्लेस पर स्थित सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उन्होंने इस प्रदर्शन का नाम- 'लहरा दो तिरंगा' रखा है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने CJP के इस मार्च से लोगों को दूर रहने की अपील की है। कनॉट प्लेस में निषेधाज्ञा लागू है।

delhi connaught place- India TV Hindi
दिल्ली के कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू। Image Source : PTI

आज एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर कॉकरोच जनता पार्टी उतरने जा रही है। CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में आज शाम 5 बजे तिरंगा मार्च का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी और लेफ्ट छात्र संगठनों AISA और SFI का भी समर्थन मिल रहा है। CJP के तिरंगा मार्च ऐलान के बाद कनॉट प्लेस के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 2 दिनों के लिए बंद

दिल्ली पुलिस ने तिरंगा मार्च की परमिशन नहीं दी है। इससे पहले पुलिस ने CJP के 11 लोगों को तिरंगा मार्च निकालने को कहा था लेकिन CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने पुलिस के प्रपोजल को ठुकरा दिया जिसके बाद  NDMC ने सेंट्रल पार्क को 2 दिनों के लिए बंद कर दिया है। सीपी आने वाले सभी रास्तों के ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है। पुलिस ने कनॉट प्लेस की पुख्ता किलेबंदी की है।

Live updates :CJP Lehra Do Tiranga March LIVE Updates

Auto Refresh
Refresh
  • 11:59 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    CAPF की 220 कंपनियां सेंट्रल दिल्ली में तैनात

    दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क आज पूरी तरह बंद है। कल भी यह बंद रहेगा। सीजेपी के तिरंगा मार्च के ऐलान को देखते हुए कनॉट प्लेस और सेंट्रल पार्क के साथ-साथ पूरे सेंट्रल दिल्ली की किलेबंदी कर दी गई है। इस पूरे इलाके में दिल्ली पुलिस के 6,000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। CAPF की 220 कंपनियां पूरी तरह से तैयार हैं। सेंट्रल पार्क और राजीव चौक के आसपास 10 से ज्यादा नए CCTV कैमरे लगाए गए हैं। कनॉट प्लेस, राजीव चौक, सेंट्रल पार्क, जंतर-मंतर, पालिका बाजार समेत दिल्ली के अहम इलाकों में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स पूरी तरह से मुस्तैद है।

  • 11:00 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सेंट्रल पार्क के पास भारी सुरक्षा बल तैनात

    पुलिस के मुताबिक मुंबई का आजाद मैदान विरोध प्रदर्शनों के लिए है इसलिए पुलिस ने सीजेपी को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मार्च की परमिशन दी है। विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर मुंबई के आजाद मैदान में भारी सुरक्षा बल को तैनात किया गया है।

     

  • 10:43 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    जंतर-मंतर से लेकर सीपी तक चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात

    मुंबई के आजाद मैदान से लेकर दिल्ली के कनॉट प्लेस तक सीजेपी की तिरंगा मार्च निकालने की तैयारी है। मुंबई में तो पुलिस ने तिरंगा मार्च की इजाजत दे दी है लेकिन दिल्ली में माहौल गर्म है। पुलिस ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में कड़ा पहरा लगा दिया है। जंतर-मंतर से लेकर सीपी तक चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है। हर रास्ते पर मल्टी लेयर बैरिकेडिंग की गई है, सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है।

  • 10:01 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सेंट्रल पार्क के बाहर 7 लेयर की सुरक्षा, ह्यूमन चैन बनकर खड़े रहेंगे जवान

    कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क के बाहर आज 7 लेयर की सुरक्षा होगी। सेंट्रल पार्क के चारों तरफ 500 मीटर के दायरे मे RAF और सीआरपीएफ के जवान ह्यूमन चैन बनकर खड़े रहेंगे। पार्क के अंदर RAF के जवान रहेंगे।

  • 9:20 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सेंट्रल पार्क के आसपास 40 स्मार्ट CCTV कैमरा इंस्टॉल

    दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल पार्क के आसपास 40 स्मार्ट सीसीटीवी कैमरा को इंस्टॉल किया है। इनमें ऑडियो और वीडियो दोनों रिकॉर्ड की जा सकती है। इसका सीधा एक्सेस कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन के पास है जहां पर मॉनिटरिंग रूम है। दिल्ली पुलिस की हर एक प्रदर्शनकारी पर नजर रहेगी, जहां भीड़ इकट्ठा होगी तुरंत सीसीटीवी मॉनिटरिंग से ग्राउंड पर इंस्ट्रक्शन देकर वहां से हटा दी जाएगी।

  • 7:59 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सेंट्रल पार्क के हर एक गेट पर बैरिकेडिंग

    कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क के आसपास अभी सुरक्षा बढ़ाई गई है। मेट्रो के गेट पर सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। सेंट्रल पार्क के हर एक गेट पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। CP आने वाले कुछ रास्तों पर रूट डायवर्ट किया गया है।

  • 6:52 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    मुंबई में मार्च निकालने की सुबह 10 से शाम 5 तक परमिशन

    मुंबई पुलिस ने सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मार्च की परमिशन दी है। पुलिस के मुताबिक आजाद मैदान विरोध प्रदर्शनों के लिए है इसलिए प्रोटेस्ट की अनुमति दी गई है। मुंबई पुलिस से परमिशन मिलने के बाद अब अभिजीत दिपके दिल्ली में मार्च की कमान संभालेंगे। वहीं, मुंबई में CJP कार्यकर्ता और विपक्षी पार्टियों के नेता शामिल होंगे। यह मोर्चा शाम 5 बजे गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित किया जा सकता है।

  • 6:49 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    मुंबई पुलिस ने CJP को तिरंगा मार्च की परमिशन दी

    दिल्ली के साथ-साथ कॉकरोच जनता पार्टी ने आज मुंबई में भी तिरंगा मार्च निकालने की तैयारी की है। दिल्ली पुलिस ने CJP को तिरंगा मार्च की अनुमति नहीं दी है लेकिन मुंबई पुलिस से CJP को तिरंगा मार्च के लिए इजाजत मिल गई है। मुंबई पुलिस ने CJP को मुंबई के आजाद मैदान में एक दिवसीय तिरंगा मार्च निकालने की अनुमति दे दी है।

  • 6:43 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    अभिजीत दिपके का दिल्ली पुलिस पर नया आरोप

    CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस पर नया आरोप लगा दिया है। दिपके का कहना है कि वो जहां भी जा रहे हैं, दिल्ली पुलिस और IB के लोग उनका पीछा कर रहे हैं। अभिजीत दिपके इससे पहले भी दिल्ली पुलिस और सरकार पर कई गंभीर आरोप लगा चुके हैं।  

  • 6:42 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    ट्रैफिक अपडेट के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क

    यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से ताजा जानकारी प्राप्त करें। यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है।

  • 6:41 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह

    दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे कनॉट प्लेस और लुटियंस दिल्ली की ओर जाने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें। संभव हो तो निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल करें। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

    पुलिस ने यह भी कहा है कि वाहन चालक यातायातकर्मियों के निर्देशों और सड़क पर लगाए गए डायवर्जन संकेतों का पालन करें। इसके अलावा, सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग से बचें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।

  • 6:41 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    इन 21 रास्तों पर लोगों को न जाने की सलाह

    CJP के प्रोटेस्ट के चलते आज नई दिल्ली जिले में कई रास्तों पर रूट डायर्वजन भी किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस के आसपास के 21 रास्तों पर लोगों को न जाने की सलाह दी है। इनमें निम्नलिखित मार्ग शामिल हैं:-

    1. संसद मार्ग
    2. बाबा खड़क सिंह मार्ग
    3. शहीद भगत सिंह मार्ग
    4. पंचकुइयां रोड
    5. बसंत लेन
    6. चेम्सफोर्ड रोड
    7. मिंटो रोड
    8. बाराखंबा रोड
    9. कस्तूरबा गांधी मार्ग
    10. जनपथ
    11. रेल भवन
    12. रफी मार्ग
    13. 'सी' हेक्सागन
    14. मंडी हाउस
    15. पटेल चौक
    16. विंडसर प्लेस
    17. गोल डाक खाना
    18. अशोक रोड (जीपीओ से 'सी' हेक्सागन तक)
    19. तिलक मार्ग
    20. टॉलस्टॉय मार्ग
    21. सिकंदरा रोड

    इन मार्गों से गुजरने वाले लोगों को जाम और संभावित मार्ग परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

  • 6:37 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    कनॉट प्लेस के आसपास सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम

    CJP के प्रोटेस्ट को देखते हुए कनॉट प्लेस के आसपास पुलिस ने सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम किए हैं।

    • कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्किल के सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
    • कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को अगले दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
    • साथ ही कनॉट प्लेस से सटे सभी पार्कों को बंद कर दिया गया है।
    • नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग की है जिससे प्रोटेस्ट के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशान न हो।
  • 6:33 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    दिल्ली पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में

    CJP के प्रोटेस्ट को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है।

    • कनॉट प्लेस के आसपास पुलिस ने BNS की धारा 163 लागू कर दी है।
    • पुलिस ने आम लोगों और प्रदर्शनकारियों से इस सभा में शामिल न होने की अपील की है।
    • अगर कोई कानून का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी।
    • NDMC ने आज और कल कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को बंद करने का ऐलान किया है।
    • कनॉट प्लेस के दुकानदारों ने पुलिस से उनकी दुकानों की सुरक्षा की अपील की है।

     

  • 6:30 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    CJP का 'लहरा दो तिरंगा' मार्च, सेंट्रल पार्क 2 दिनों के लिए बंद

    कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके ने शुक्रवार 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आने की अपील की है। उन्होंने इस प्रदर्शन का नाम- 'लहरा दो तिरंगा' रखा है। हालांकि, इस प्रदर्शन से पहले ही गुरुवार को सूचना जारी की गई है कि दिल्ली के कनॉट प्लेस पर स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिनों (शुक्रवार और शनिवार) के लिए बंद कर दिया गया है। ये फैसला भिजीत दिपके के लिए एक और झटका माना जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।