1. Hindi News
  2. बिहार
  3. कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने रौंदा, 3 की मौत, 3 गंभीर; हादसे के बाद सड़क जाम

कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने रौंदा, 3 की मौत, 3 गंभीर; हादसे के बाद सड़क जाम

 Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 25, 2026 11:55 pm IST,  Updated : Aug 25, 2026 11:58 pm IST

तेज रफ्तार कार ने बजरंगबली मंदिर के पास झूलन पर्व के दौरान भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं को रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

श्रद्धालुओं को कार ने रौंदा- India TV Hindi
श्रद्धालुओं को कार ने रौंदा Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार कार ने भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं को रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया है।

झूलन पर्व के दौरान मंदिर के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कटैया गोठ चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास झूलन पर्व को लेकर ग्रामीण भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित कार अचानक श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसी। कार की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मृतकों की पहचान कटैया पंचायत के वार्ड 15 निवासी सुरेंद्र यादव (45), वार्ड 12 निवासी तिलाई उर्फ तिलो दास (65) और राजू दास (50) के रूप में हुई है। वहीं भुवनेश्वरी यादव, रामचंद्र यादव और कृष्ण मोहन साह गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद कार लेकर भागने लगा चालक

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर भागने लगा। कुछ दूरी आगे जाकर कार एक गैरेज में जा घुसी। संयोग से उस समय गैरेज संचालक और कर्मचारी वहां मौजूद नहीं थे, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है।

मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग और एनएच-327ई को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा सदर इंस्पेक्टर संजय यादव, सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू और साइबर डीएसपी सौरभ गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।

फिलहाल पुलिस कार के मालिक, चालक की पहचान और हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच में जुटी है। चालक की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। इस घटना के बाद एनएच-327ई पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और मंदिर समेत भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।

(रिपोर्ट- संत सरोज)

ये भी पढ़ें-

UP में MBBS इंटर्न को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, दोगुने से भी ज्यादा बढ़ा स्टाइपेंड

पंजाब चुनाव से पहले साथ आएंगे BJP-SAD? बीजेपी को मिल सकती है 'बड़े भाई' की भूमिका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।