1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल का हुआ पैचअप, कुछ हफ्ते पहले टूटी थी सगाई, अब बोलीं- 'मैं गुमराह थी'

पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल का हुआ पैचअप, कुछ हफ्ते पहले टूटी थी सगाई, अब बोलीं- 'मैं गुमराह थी'

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Oct 12, 2026 11:50 pm IST,  Updated : Oct 13, 2026 12:02 am IST

आकृति अग्रवाल ने पृथ्वी शॉ के साथ सगाई तोड़ने के बाद फिर से साथ आने की पुष्टि की है और कहा है कि बाहरी लोगों की बातों से वह गुमराह हो गई थीं। सगाई के 6 महीने बाद एक्ट्रेस ने 17 सितंबर को सगाई तोड़ने का ऐलान किया था।

Prithvi Shaw, Akriti Agarwal- India TV Hindi
पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल Image Source : INSTAGRAM/@AKRITIAGARWAL7

क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के साथ अपनी सगाई तोड़ने की घोषणा करने के कुछ हफ्ते बाद एक्ट्रेस और इन्फ्लुएंसर आकृति अग्रवाल ने अब कन्फर्म किया है कि दोनों के बीच सुलह हो गई है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक नए बयान में आकृति ने कहा कि दोनों ने अपने मतभेदों पर खुलकर बात की है और अपने रिश्ते को एक दूसरा मौका देने का फैसला किया है। पृथ्वी शॉ की होने वाली पत्नी आकृति ने अपनी सगाई टूटने पर बात की है। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सगाई टूटने की वजह भी बताई।

पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल की क्यों टूटी थी सगाई

आकृति अग्रवाल ने कहा कि उनके करीबी लोगों की राय ने पृथ्वी और उनके रिश्ते के बारे में उनकी सोच को प्रभावित किया था। यह बात सितंबर में उनके अलग होने की सार्वजनिक घोषणा के एक महीने से भी कम समय बाद सामने आई है। आकृति ने अपने नए इंस्टाग्राम बयान का टाइटल 'अ पर्सनल क्लेरिफिकेशन'। आकृति अग्रवाल ने अपने नए इंस्टाग्राम पोस्ट के में लिखा, 'जब मैंने अपनी सगाई तोड़ी थी तब मैंने अपने करीबी लोगों की राय से प्रभावित होकर अपने मंगेतर और हमारे रिश्ते को देखने का नजरिया बना लिया था। ऐसा लग रहा था कि उन्हें हमारे रिश्ते के बारे में हमसे भी ज्यादा पता है। मुझे लगता है कि मुझे गलत दिशा में गुमराह किया गया था और मैंने वह ईमानदार बातचीत किए बिना ही फैसला ले लिया, जिसके हम दोनों हकदार थे। मैं अपने उस फैसले और उससे पहुंची तकलीफ की जिम्मेदारी लेती हूं। इसके बाद हमने खुलकर बात की, एक-दूसरे को समझा और फिर से साथ रहने का फैसला किया। हम दोनों एक-दूसरे के लिए काफी हैं और हमें किसी और की जरूरत नहीं है। इस बार मैं चाहती हूं कि हमारा भविष्य हमारी अपनी समझ, भरोसे और प्यार के आधार पर तय हो। जब हम एक नई शुरुआत कर रहे हैं तो कृपया हमारे फैसले का सम्मान करें।'

पृथ्वी शॉ-आकृति अग्रवाल फिर हुए एक

इस कपल की सगाई इसी साल की शुरुआत में हुई थी। पृथ्वी शॉ ने 8 मार्च 2026 को आकृति अग्रवाल से सगाई की थी और 17 सितंबर को एक्ट्रेस ने ऐलान किया था कि वे अलग हो रहे हैं। हालांकि, 12 अक्टूबर को एक्ट्रेस आकृति ने अपने और पृथ्वी शॉ के पैचअप की खबर देकर पुष्टि की है कि अब वह कभी अलग नहीं होने वाले हैं। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'हमने फिर से साथ रहने का फैसला किया है।' आकृति ने कहा कि अब वह चाहती हैं कि उनके भविष्य से जुड़े फैसले वे दोनों मिलकर लें और उन पर बाहरी लोगों की राय का असर न पड़े। इस पोस्ट को इंस्टा स्टोरी पर फिर से शेयर करते हुए, पृथ्वी ने भी अपनी मंगेतर के साथ पैचअप की अपडेट दी है।

सगाई टूटने से पहले उड़ी अफवाहों ने खींचा ध्यान

ब्रेकअप की घोषणा से पहले भी उनके रिश्ते को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। जुलाई में आकृति के सोशल मीडिया पर धोखा मिलने के बारे में किए गए कुछ पोस्ट से अफवाहें उड़ीं कि वह पृथ्वी की बात कर रही हैं। बाद में उन्होंने इस बात से इनकार किया कि उनके बीच कोई समस्या थी। उन्होंने कहा कि वे पोस्ट क्रिकेटर के बारे में नहीं थे और वे दोनों साथ में खुश हैं। सितंबर की घोषणा से आखिरकार यह पुष्टि हो गई कि सगाई तोड़ दी गई थी, लेकिन अब उन्होंने यह पोस्ट इंस्टा से हटा दिया है।

ये भी पढ़ें - पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल की 6 महीने में टूटी सगाई, एक्ट्रेस ने ब्रेकअप पोस्ट में कही दिल की बात

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।