1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. बिपाशा बसु का धांसू कमबैक, हंसल मेहता की अपकमिंग सीरीज में आएंगी नजर, सनी कौशल संग शुरू की शूटिंग

बिपाशा बसु का धांसू कमबैक, हंसल मेहता की अपकमिंग सीरीज में आएंगी नजर, सनी कौशल संग शुरू की शूटिंग

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Oct 12, 2026 09:38 pm IST,  Updated : Oct 12, 2026 09:38 pm IST

बिपाशा बसु फिल्ममेकर हंसल मेहता की आने वाली सीरीज के साथ वापसी करने के लिए तैयार हैं। इस प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू हो चुकी है और एक्टर सनी कौशल भी इस सीरीज का हिस्सा हैं। फैंस बिपाशा को फिर से स्क्रीन पर देखने के लिए बहुत उत्साहित हैं।

Bipasha Basu- India TV Hindi
बिपाशा बसु Image Source : ANI

बिपाशा बसु मशहूर फिल्ममेकर हंसल मेहता की नई सीरीज में एक अहम भूमिका में नजर आएंगी। 'राज' और 'जिस्म' जैसी फिल्मों से अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुकी एक्ट्रेस बिपाशा ने खुद यह खुशखबरी अपने फैंस को सोशल मीडिया के जरिए दी है। अभी तक इस सीरीज के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। बस इतना पता चला है कि सनी कौशल और विशाल जेठवा भी इस ओटीटी शो में बिपाशा के साथ काम करेंगे। बिपाशा बसु छह साल के ब्रेक के बाद एक्टिंग में वापसी कर रही हैं।

बिपाशा बसु की नई सीरीज का हुआ ऐलान

हंसल मेहता की अपकमिंग सीरीज का नाम अभी तय नहीं हुआ है। इसे कश्यप कपूर और राघव राज कक्कड़ ने लिखा है और 'ऑलमाइटी मोशन पिक्चर्स प्रोडक्शंस' के बैनर तले प्रभलीन संधू ने प्रोड्यूस किया है। इस प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू हो चुकी है। प्राइम वीडियो ने सोमवार को घोषणा की कि इस सीरीज का प्रोडक्शन आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। हाल ही में एक्ट्रेस अपनी हिट फिल्म 'जिस्म' को लेकर चर्चा में आई थीं। उन्होंने Elle India से बातचीत में बताया था कि उन्हें कई लोगों ने यह फिल्म साइन नहीं करने की सलाह दी, क्योंकि उन्होंने चिंता थी कि बोल्ड सीन करना उनके करियर के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

 

हंसल मेहता की नई सीरीज की कहानी

शो की कहानी के बारे में बताया गया है कि यह एक छोटे से गुमनाम शहर पर आधारित है, जो महाद्वीप की 'हेरोइन कैपिटल' (नशीली दवाओं का गढ़) बनने की कगार पर है। कहानी एक ईमानदार पुलिस वाले (सनी कौशल) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी ईमानदारी और इंसानियत को बचाए रखने की कोशिश करते हुए सिस्टम के अंदर और बाहर की ताकतवर ताकतों से लड़ता है। बिपाशा और विशाल जेठवा के किरदारों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है।

बिपाशा बसु 6 साल बाद करेंगी ओटीटी पर कमबैक

पिछले कुछ सालों से बिपाशा एक्टिंग से काफी हद तक दूर रही हैं। उन्होंने अप्रैल 2016 में एक्टर करण सिंह ग्रोवर से शादी की और नवंबर 2022 में उनकी बेटी 'देवी' का जन्म हुआ। इससे पहले वह 2020 में रिलीज हुई क्राइम थ्रिलर सीरीज़ 'डेंजरस' में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने करण के साथ काम किया था। उससे पहले वह 2015 में भूषण पटेल की हॉरर थ्रिलर फिल्म 'अलोन' में दिखी थीं। इस फल्म में बिपाशा ने जुड़वां बहनों संजना और अंजना का डबल रोल निभाया था और उनके साथ करण भी थे। इसलिए प्राइम वीडियो की यह नई सीरीज उन्हें लंबे समय के बाद एक्टिंग सेट पर वापस ला रही है।

(Input - ANI)

ये भी पढ़ें - बिपाशा बसु को न्यूट्रिशन प्रोडक्ट में मिले छोटे कीड़े, तुकाराम मुंढे को टैग कर बोलीं- 'आप आखिरी उम्मीद हैं'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।