1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सुपौल में ठेकेदार के घर हथियारबंद डकैतों का तांडव, एक घंटें तक मचाया उत्पात, 65 लाख की संपत्ति लूटकर फरार

सुपौल में ठेकेदार के घर हथियारबंद डकैतों का तांडव, एक घंटें तक मचाया उत्पात, 65 लाख की संपत्ति लूटकर फरार

 Published : Oct 12, 2026 08:10 pm IST,  Updated : Oct 12, 2026 08:10 pm IST

बिहार के सुपौल जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला सुपौल जिले का है, जहां हथियारबंद अपराधियों ने एक ठेकेदार के घर को निशाना बनाया। बेखौफ बदमाशों ने बंदूक की नोक पर लगभग एक घंटे तक जमकर तांडव मचाया और घर के सदस्यों को बंधक बनाकर करीब 65 लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए। जानें पूरा मामला।

सुपौल में ठेकेदार के घर हथियारबंद डकैतों का तांडव, एक घंटें तक मचाया उत्पात- India TV Hindi
सुपौल में ठेकेदार के घर हथियारबंद डकैतों का तांडव, एक घंटें तक मचाया उत्पात Image Source : INDIA TV

बिहार के सुपौल में अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। जिले के करजाईन थाना क्षेत्र के करजाईन बाजार स्थित वार्ड 9 में सोमवार की देर रात करीब एक दर्जन नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने ग्रामीण कार्य विभाग से जुड़े एक ठेकेदार के घर धावा बोल दिया। अपराधियों ने हथियार के बल पर घर के सदस्यों को बंधक बना लिया और करीब एक घंटे तक बेखौफ होकर लूटपाट की। इस दौरान अपराधी सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान समेत करीब 60 से 65 लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

चारदीवारी फांदकर घर में घुसे अपराधी

जानकारी के अनुसार, ठेकेदार सतेंद्र नारायण सिंह के घर सोमवार की देर रात करीब एक बजे अपराधियों ने धावा बोला। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन नकाबपोश अपराधी घर की चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए। घर में घुसते ही अपराधियों ने हथियार दिखाकर परिजनों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सभी सदस्यों को बंधक बनाकर घर में रखे कीमती सामान की तलाश शुरू कर दी। अपराधियों ने घर के अन्य हिस्सों में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती वस्तुओं को समेट लिया। करीब एक घंटे तक चली इस वारदात के दौरान अपराधी आराम से लूटपाट करते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लूटी गई संपत्ति की कीमत करीब 60 से 65 लाख रुपये आंकी जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन विस्तृत जांच और सामान के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही करजाईन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए वीरपुर के एसडीपीओ पवन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि संबंधित कमरे को सील कर जांच की जा रही है, ताकि अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिल सके।

FSL टीम जुटाएगी वैज्ञानिक साक्ष्य, छापेमारी जारी
वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंच रही है। टीम द्वारा फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जाएंगे। इन साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है। एसडीपीओ ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। एक दर्जन नकाबपोश अपराधियों द्वारा ठेकेदार के घर में घुसकर लाखों की लूट की इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर लूटी गई संपत्ति बरामद करने की चुनौती है।

(Report - Sant Saroj)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।