A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'गाली देने वालों के लिए हमारे प्रवक्ता ही काफी', तेजस्वी यादव ने बताया मौलाना का मतलब, BJP ने जारी किया नया पोस्टर

'गाली देने वालों के लिए हमारे प्रवक्ता ही काफी', तेजस्वी यादव ने बताया मौलाना का मतलब, BJP ने जारी किया नया पोस्टर

बिहार चुनाव से पहले बीजेपी और आरजेडी के बीच पोस्टर वार जारी है। बीजेपी ने तेजस्वी यादव की फोटो शेयर कर एक बार फिर निशाना साधा। वहीं तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग और बीजेपी पर जमकर हमला बोला।

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव- India TV Hindi
Image Source : X@YADAVTEJASHWI आरजेडी नेता तेजस्वी यादव

पटनाः बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बीजेपी और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के हर हफ्ते आदेश बदले जा रहे हैं। पुराने आदेशों को बदला जा रहा है, यह साफ दिखता है कि आयोग स्वयं सुनिश्चित नहीं है कि वह क्या करना चाहते हैं। अभी तक कोई सर्वदलीय बैठक नहीं हुई है, कल भी हम लोगों ने समय मांगा है चुनाव आयोग से, लेकिन अभी तक कोई कंफर्मेशन नहीं मिला। चुनाव की तरफ से जो दलील दी गई है उससे ही उसकी मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।

तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग को लेकर कही ये बात

तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव आयोग से हमारी पांच मांगे हैं। 2003 की मतदाता सूची को आधार मानने को निरस्त किया जाए। जो व्यावहारिक विकल्प हैं उनको अपनाया जाए। एक सर्वदालीय बैठक बुलाई जाए। न्यायिक निगरानी संसदीय जांच कराई जाए। जब से हम लोगों ने आपत्ति जताई है, चुनाव आयोग ने कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं किया है, आयोग सूत्रों के हवाले से खबर चलवाता है।

तेजस्वी यादव ने उठाया ये सवाल

फोटो की व्यवस्था चुनाव आयोग को करनी चाहिए,  फोटो कौन रखता है घर पर, बाढ़ में कौन खिंचवाता रहेगा। 6 दिन में कई जगहों पर 99.99 प्रतिशत जगहों पर प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई है। अब बचे सिर्फ 19 दिन। 19 दिन में कैसे हो जाएगा। 15 जून के बाद फ्लड फाइटिंग का काम बिहार में शुरू हो जाता है। बचाव राहत में ही लोग लग जाते हैं। सब वोटर वाले काम में लग जायेंगे तो लोगों को कौन बचाएगा।
11 जो दस्तावेज हैं, कौन-कौन दस्तावेज कितना प्रतिशत बिहार के लोगों के पास है.. यह सरकार बताए।

बीजेपी पर भड़के तेजस्वी, बोले- गाली देने वालों के लिए हमारे प्रवक्ता ही काफी

 आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा के लोग दो दिन से मुझे गाली दे रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए हमारे प्रवक्ता ही काफी हैं। मुझे मौलाना बोल रहे हैं, इसका मतलब तो विद्वान होता है। जेडीयू दफ्तर में पीएम मोदी की तस्वीर लगाये जाने पर तेजस्वी ने कहा कि जेडीयू बीजेपी का प्रकोष्ठ बन गया है। जेडीयू को बीजेपी ने हाईजैक कर लिया है। जदयू को तोड़ने की कोशिश तो शुरू से ही हो रही थी, अब यह दिखने लगा है। चाचा जब हमारे पास आए थे उसी समय बीजेपी ने जेडीयू को तोड़ना शुरू कर दिया था।  झारखं- महाराष्ट्र में जब ऑपरेशन लोटस चल रहा था उस समय बिहार में भी चल रहा था। 

बीजेपी ने तेजस्वी का जारी किया नया पोस्टर
  
वहीं, बीजेपी बिहार एक्स हैंडल से तेजस्वी यादव का AI फोटो जारी कर आरजेडी पर निशाना साधा गया है। बीजेपी ने एक्स पर एक फोटो शेयर कर लिखा, ''शिकारी शातिर है- दाना दिखा रहा। जाल छिपा रहा। 
दाना उसका बहाना है। जाल उसकी चाल है''।