1. Hindi News
  2. बिहार
  3. लो... चंदा को टिकट मिला, लेकिन अब उनके पति खेसारी लाल यादव लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, जानें क्या हुआ ऐसा

लो... चंदा को टिकट मिला, लेकिन अब उनके पति खेसारी लाल यादव लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, जानें क्या हुआ ऐसा

बिहार की छपरा विधानसभा सीट से राजद ने खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी को टिकट दिया था। हालांकि, अब चंदा का टिकट खेसारी लाल यादव को दे दिया गया है। वह अब छपरा से चुनाव लड़ेंगे।

BIHAR Assembly ELECTION Khesari Lal Yadav- India TV Hindi
Image Source : X@KHESARILY अब खेसारी लाल यादव लड़ेंगे विधानसभा चुनाव।

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। राजनीतिक दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों का ऐलान शुरू कर दिया है। बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने छपरा विधानसभा सीट से भोजपुरी सिंगर और एक्टर खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी को टिकट दिया था। हालांकि, गुरुवार को बड़ी खबर सामने आई है कि अब छपरा सीट से पत्नी चंदा के बजाय खेसारी लाल यादव खुद चुनाव लड़ेंगे। आइए जानते हैं कि राजद ने क्यों किया है ये फैसला।

क्यों वापस लिया गया चंदा का टिकट?

छपरा विधानसभा से राजद ने खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी को टिकट दिया था। हालांकि, अब जानकारी सामने आई है कि चंदा देवी का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। इस कारण उनका टिकट अब टिकट खेसारी लाल यादव को मिल गया है। अब छपरा विधानसभा सीट से राजद के प्रत्याशी खेसारी लाल यादव हो गये हैं।

राजद से टिकट मिलने पर खेसारी ने कहा- "मैं आप सभी का बेटा और भाई खेसारी लाल यादव, इस बार छपरा विधानसभा से चुनाव लड़ रहा हूं। मैं कोई परंपरागत नेता नहीं हूं, मैं आप सभी जनता जनार्दन का बेटा हूं, खेत-खलिहान का लाल हूँ, हर तबके की आवाज हूं और युवा भाइयों का जोश हूं। मेरे लिए राजनीति कोई कुर्सी की दौड़ नहीं है, ये एक ज़िम्मेदारी है, छपरा के हर घर तक विकास पहुँचाने की, हर दिल की आवाज़ बनने की। राष्ट्रीय जनता दल की विचारधारा, लालू प्रसाद जी का संघर्ष और बड़े भाई तेजस्वी यादव का युवा नेतृत्व एवं आप सभी का आशीर्वाद व भरोसा अब यही मेरे रास्ते का दीपक हैं।"

तेजस्वी के समर्थन में उतरे खेसारी

आपको बता दें कि भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा था- "मैं चाहता हूं कि मेरी पत्नी चुनाव लड़ें, मैं उन्हें 4 दिन से मना रहा हूं। अगर वो मान जाती हैं तो नामांकन दाखिल करेंगे अन्यथा सिर्फ प्रचार करके भइया(तेजस्वी यादव) को जिताने की कोशिश करूंगा।"

किससे होगा खेसारी का मुकाबला?

NDA के सीट बंटवारे में छपरा सीट भारतीय जनता पार्टी के हिस्से में आई है। भाजपा ने इस सीट से छोटी कुमारी को टिकट दिया है। इसका मतलब है कि अब छपरा में मुकाबला, भाजपा की छोटी कुमारी और राजद के खेसारी लाल यादव के बीच होगा। आपको बता दें कि भाजपा छपरा सीट 2010 से लगातार जीत रही है। साल 2020 में बीजेपी के टिकट पर सीएन गुप्ता ने आरजेडी को छह हजार से ज्यादा वोटों से हराया था। इस बार बीजेपी ने गुप्ता का टिकट काटकर छोटी कुमारी पर भरोसा जताया है। छोटी स्थानीय बीजेपी नेता हैं।

कब है बिहार में चुनाव?

चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, बिहार में 243 विधानसभा सीटों के लिए मतदान दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे। पहले चरण में 121 सीटों पर और दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव का परिणाम 14 नवंबर को सामने आएगा।

ये भी पढ़ें- बिहार चुनाव: नीतीश को झटके पर झटका, अब जदयू की प्रदेश महासचिव आसमां प्रवीण ने दिया इस्तीफा

भाई तेज प्रताप ने किया नामांकन तो बहन रोहिणी आचार्य से रहा नहीं गया, कर दिया कमेंट