1. Hindi News
  2. बिहार
  3. क्या लालू परिवार के अंदर कुछ गड़बड़ है? तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य क्यों हुईं नाराज? जानें पूरा मामला

क्या लालू परिवार के अंदर कुछ गड़बड़ है? तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य क्यों हुईं नाराज? जानें पूरा मामला

तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने सार्वजनिक तौर पर नाराजगी जाहिर की है। दरअसल तेजस्वी के कराबी संजय यादव उनकी बस में फ्रंट सीट पर बैठे नजर आए। यह बात रोहिणी को अच्छी नहीं लगी।

तेजस्वी की बस में फ्रंट सीट पर बैठे संजय यादव।- India TV Hindi
Image Source : ROHINI ACHARYA FB AND X तेजस्वी की बस में फ्रंट सीट पर बैठे संजय यादव। रोहिणी आचार्य की फाइल फोटो

पटनाः बिहार चुनाव से पहले लगता है लालू परिवार में कुछ गड़बड़ है। तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने सार्वजनिक तौर पर नाराजगी जाहिर की है। तेज प्रताप यादव भी संजय यादव का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते रहते हैं और उन्हें जयचंद कहते रहते हैं। अब रोहिणी आचार्य भी उन्हें लेकर नाराजगी जाहिर कर रही हैं। 

इस वजह से नाराज हुईं रोहिणी आचार्य

दरअसल, तेजस्वी यादव मेहनत तो बहुत कर रहे हैं लेकिन तेजस्वी के सामने सबसे बड़ी मुश्किल ये है कि परिवार के लोग ही उनपर अटैक कर रहे हैं। बड़े भाई तेजप्रताप के बाद आज तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने सार्वजनिक तौर पर नाराजगी का इजहार किया। नाराजगी है RJD के राज्यसभा सांसद संजय यादव की तेजस्वी यादव से करीबी को लेकर संजय यादव तेजस्वी के विश्वस्त हैं और उनके सलाहकार हैं।

बिहार अधिकार यात्रा में संजय यादव तेजस्वी के साथ चल रहे हैं। इसी यात्रा के दौरान संजय यादव बस की उस फ्रंट सीट पर बैठे नजर आए...जिस पर आमतौर पर तेजस्वी बैठते हैं। तेजस्वी की सीट पर बैठ संजय यादव की फोटो पोस्ट करके रोहिणी आचार्य ने लिखा कि फ्रंट सीट हमेशा शीर्ष के नेता के लिए होती है और उनकी अनुपस्थिति में भी किसी को उस सीट पर नहीं बैठना चाहिए। अगर कोई अपने आप को शीर्ष नेतृत्व से भी ऊपर समझ रहा है, तो अलग बात है। 

एक्स हैंडल पर की लालू यादव की तारीफ

वहीं, एक्स हैंडल पर रोहिणी ने फोटो पोस्ट कर कहा कि वंचितों व समाज के आखिरी पायदान पर खड़े वर्ग - समूह को आगे लाना ही राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय लालू यादव के  सामजिक आर्थिक न्याय के अभियान का मूल मकसद रहा है, इन तस्वीरों में समाज के इन्हीं तबके से आने वालों को आगे बैठे देखना सुखद अनुभूति है। 

जेडीयू ने साधा लालू परिवार पर निशाना

रोहिणी आचार्य ने संजय यादव पर निशाना साधा तो जेडीयू को मौका मिल गया। जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि एक बहन अपने भाई के राजनीतिक वजूद के लिए आवाज उठा रही है। इसलिए अब इस पर लालू यादव को फैसला करना चाहिए।