A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार चुनाव से पहले मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह से जुड़ी बड़ी खबर, जेल से जमानत पर बाहर आए

बिहार चुनाव से पहले मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह से जुड़ी बड़ी खबर, जेल से जमानत पर बाहर आए

मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। वह बेउर जेल से जमानत पर बाहर आ गए हैं। बिहार के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी जमानत की खबर सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Anant Singh - India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी खबर सामने आई है। मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह जेल से जमानत पर बाहर आ गए हैं। वह अब तक बेउर जेल में बंद थे। गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में अनंत सिंह का जेल से बाहर आना चर्चा का विषय बना हुआ है।

बिहार में बाहुबली नेता माने जाते हैं अनंत सिंह

अनंत सिंह की छवि बिहार में बाहुबली नेता की है। वह अपने बयानों की वजह से अक्सर चर्चा में रहते हैं। चाहें सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, वह जिसके लिए भी बयान देते हैं, खुलकर देते हैं। यही वजह है कि उन्हें मीडिया में भी काफी सुर्खियां मिलती हैं। उन्हें बिहार में छोटे सरकार भी कहा जाता है।

फरवरी 2025 में जमानत अर्जी हुई थी खारिज

फरवरी 2025 में भी अनंत सिंह ने जमानत की अर्जी दी थी लेकिन अदालत ने उसे खारिज कर दिया था। दरअसल 22 जनवरी की शाम मोकामा के नौरंगा में गोलीबारी का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने अनंत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अनंत पर आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास समेत दूसरी धाराओं में केस दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद अनंत सिंह ने 24 जनवरी को सरेंडर कर दिया था।

दरअसल 22 जनवरी को हुई गोलीबारी की घटना में अनंत सिंह बाल-बाल बच गए थे। कथित तौर पर ये बात सामने आई थी कि सोनू-मोनू गिरोह ने अनंत सिंह के काफिले पर गोलियां बरसाईं थीं। इसके बाद अनंत सिंह के समर्थकों ने गोलीबारी की थी। 

अनंत सिंह मोकामा सीट से कई बार विधायक रह चुके हैं और बिहार की राजनीति में काफी चर्चा में रहते हैं। इससे पहले वह उस वक्त चर्चा में रहे थे, जब साल 2018 में उनके पैतृक आवास से एके-47 राइफल, गोला-बारूद और 2 हथगोले बरामद हुए थे। दोषी करार दिए जाने के बाद उन्हें साल 2020 में विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। हालांकि अगस्त 2024 में पटना उच्च न्यायालय ने सिंह को मामले में बरी कर दिया था और जेल से उनकी तत्काल रिहाई का निर्देश दिया था।