1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भरत तिवारी के परिवार के लिए CM सम्राट चौधरी ने किया बड़ा ऐलान, आर्थिक सहायता और एक सरकारी नौकरी मिलेगी

भरत तिवारी के परिवार के लिए CM सम्राट चौधरी ने किया बड़ा ऐलान, आर्थिक सहायता और एक सरकारी नौकरी मिलेगी

भरत तिवारी एनकाउंटर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिवार के लिए आर्थिक सहायता और एक परिजन को सरकारी नौकरी देने की बात कही है।

bharat tiwari encounter samrat choudhary- India TV Hindi
Image Source : REPORTER/PTI भरत तिवारी के परिवार को मिलेगी आर्थिक सहायता।

बिहार के भोजपुर में भरत तिवारी के एनकाउंटर के मामले पर बड़ा बवाल देखने को मिला था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि सरेंडर करने के बावजूद भी पुलिस ने उसका एनकाउंटर कर दिया। इस घटना की राजनीतिक दलों ने भी निंदा की थी। इसके बाद इस एनकाउंटर के मामले के न्यायिक जांच कराने की बात कही गई थी। अब गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने भरत तिवारी के परिवार को आर्थिक मदद और एक सरकारी नौकरी देने की बात कही है।

क्या बोले सम्राट चौधरी?

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को अपने आधिकारिक X हैंडल से ट्वीट कर के कहा- "न्यायिक जांच के अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर बिहार सरकार द्वारा दिवंगत भरत तिवारी के परिवार को आर्थिक सहायता एवं एक परिजन को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल पर दी जानकारी।"

क्या है पूरा केस?

PTI ने पुलिस के हवाले से बताया है कि ये पूरी घटना भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौती गांव की है। पुलिस के मुताबिक, गांव के निवासी भरत तिवारी ने 17 जून को उसे गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर अवैध हथियार से गोलीबारी की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें भरत तिवारी घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, भरत तिवारी के परिजनों का आरोप है कि उसने गोली चलाने से पहले सरेंडर कर दिया था और अपना हथियार भी फेंक दिया था। यहीं से इस मामले को लेकर विवाद शुरू हुआ जिसके बाद सीएम सम्राट चौधरी ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए।

पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हुई थी FIR

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिस के कई अधिकारियों के खिलाफ FIR भी दर्ज की जा चुकी है। भोजपुर एसपी के ऑफिस के मुताबिक, भरत तिवारी की मां की शिकायत के आधार पर तत्कालीन जगदीशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), तत्कालीन शाहपुर थाना प्रभारी (एसएचओ) और घटना में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हाल ही में जानकारी सामने आई थी कि भरत पर गोली चलाने वाले STF जवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार पुलिसकर्मी की पहचान अक्षय के तौर पर हुई है।

ये भी पढ़ें- भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में अब तक पुलिसवालों पर क्या कार्रवाई हुई? ADG ने दी जानकारी

भरत तिवारी एनकाउंटर केस में हो गई बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में शामिल पुलिसवालों के खिलाफ FIR दर्ज