1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: "भरत तिवारी को 4 से 5 गोलियां लगी थीं", सबसे पहले इलाज करने वाले डॉक्टर का सामने आया बयान, देखें VIDEO

बिहार: "भरत तिवारी को 4 से 5 गोलियां लगी थीं", सबसे पहले इलाज करने वाले डॉक्टर का सामने आया बयान, देखें VIDEO

बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर केस को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। जिस डॉक्टर के पास भरत तिवारी को गोली लगने के बाद सबसे पहले ले जाया गया था, उस डॉक्टर ने बताया है कि भरत को कितनी गोलियां लगी थीं।

Bihar Bharat Tiwari- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT भरत तिवारी केस में डॉक्टर का बयान सामने आया

पटना: बिहार के भोजपुर जिले में भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर केस पर बड़ी जानकारी सामने आई है। दरअसल भरत को गोली लगने के बाद जिस डॉक्टर के पास सबसे पहले ले जाया गया था, उनका बयान सामने आया है। डॉक्टर के इस बयान का वीडियो भी है। डॉक्टर ने बताया है कि भरत तिवारी को 4 से 5 गोलियां लगी थीं।

डॉक्टर ने क्या-क्या बताया?

भरत तिवारी का इलाज सबसे पहले आरा सदर अस्पताल के जिस डॉक्टर ने किया था उन्होंने बयान दिया था कि उसे चार से पांच गोलियां लगी थीं। उन्होंने ये भी बताया था कि भरत को गोली कहां-कहां लगी थी।

आरा सदर अस्पताल के सर्जन डॉक्टर एच एम अंसारी के अनुसार भरत तिवारी को 4 से पांच गोलियां लगी थीं और पेट के निचले हिस्से में भी गोली लगी थी।

मिली जानकारी के अनुसार, भरत के एक पैर में 3 गोली लगी थीं जिसमें 2 गोली घुटने के नीचे, एक घुटने के ऊपर लगी थी। एक गोली पेट के नीचे के हिस्से में लगी थी जबकि दूसरे पैर में एक गोली घुटने के नीचे लगी थी। पेट या छाती जैसे ऊपरी अंगों में कोई गोली नहीं लगी थी। मौत का मुख्य कारण अधिक मात्रा में खून बह जाना था। इलाज के दौरान पटना के पीएमसीएच में उसकी मौत हो गई थी।

डॉक्टर के अनुसार, जब अस्पताल में भरत तिवारी की जांच की गई, तो उसका ब्लड प्रेशर और पल्स काफी कम था। उसकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टर अंसारी ने बताया कि भरत तिवारी की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया था।

भरत एनकाउंटर केस क्या है?

बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में एक पुलिस एनकाउंटर में भरत भूषण तिवारी नाम के एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस का कहना था कि वह मानसिक रूप से बीमार था और उसने खुलेआम पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग की। जब पुलिस ने बचाव में फायरिंग की तो भरत भूषण के पैर के ऊपरी हिस्से में तीन गोलियां लगीं। उसे आरा सदर अस्पताल लाया गया लेकिन हालात देखते हुए उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया था। पटना ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।