A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर को हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह, पीएम मोदी के आने की संभावना- सूत्र

पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर को हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह, पीएम मोदी के आने की संभावना- सूत्र

बिहार में एनडीए की बंपर जीत के बाद अब मुख्यमंत्री के शपथ समारोह की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। सूत्रों के हवाले से मुख्यमंत्री के शपथ समारोह की तारीख भी सामने आ गई है।

नीतीश कुमार और पीएम मोदी- India TV Hindi
Image Source : PTI नीतीश कुमार और पीएम मोदी

पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर (गुरुवार) को मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। शपथ समारोह में पीएम मोदी के आने की संभावना है। ये जानकारी सूत्रों के हवाले से आई है। पटना के गांधी मैदान में ये शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हालांकि, अभी सीएम के नाम का ऐलान नहीं किया गया है।

सोमवार को नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक

सूत्रों के अनुसार माना जा रहा है कि नीतीश कुमार सीएम पद की शपथ लेंगे। इस बीच ये भी जानकारी सामने आई है कि सोमवार सुबह 11:30 बजे नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी। सोमवार सुबह 11.30 बजे से होने वाली बैठक में सरकार के इस्तीफे का प्रस्ताव पास किया जाएगा। इसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलकर इस्तीफा देंगे। इसके बाद नई सरकार के गठन का प्रस्ताव पेश करेंगे।

 

सरकार बनाने के लिए चल रही बातचीत- संजय झा

पटना में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, 'मैं NDA को मिले इतने बड़े जनादेश के लिए बिहार की जनता को धन्यवाद और बधाई देना चाहता हूं। इस जनादेश के साथ अगले 5 सालों के लिए हमारी जवाबदेही भी है। सरकार बनाने के लिए बातचीत चल रही है। जल्द ही सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।'

बिहार में NDA की अभूतपूर्व जीत

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने इस बार अभूतपूर्व जीत हासिल की है। 243 सीटों वाली विधानसभा में NDA ने 202 सीटों पर कब्जा जमाया है, जबकि विपक्षी महागठबंधन महज 35 सीटों पर सिमट गया। यह बिहार के राजनीतिक इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में से एक है। 

नीतीश और पीएम मोदी का दिखा जलवा

बिहार में एनडीए की ये जीत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'डबल इंजन सरकार' की ताकत को रेखांकित करती है। चुनावी रैलियों में भी नीतीश कुमार और पीएम मोदी का जलवा बरकरार रहा है। जो कि चुनावी परिणाम में एनडीए का जनाधार साफ दिखा है।