A
Hindi News बिहार बिहार में दूसरे फेज के लिए नामांकन का आखिरी दिन, RJD ने जारी की 143 कैंडिडेट्स की लिस्ट

बिहार में दूसरे फेज के लिए नामांकन का आखिरी दिन, RJD ने जारी की 143 कैंडिडेट्स की लिस्ट

कुटुंबा सीट से भले ही आरजेडी ने अपना हाथ खींच लिया है लेकिन अभी भी 4 से 5 सीट ऐसी है जहां तेजस्वी और राहुल के बीच तकरार है। बीजेपी ने महागठबंधन की एकता पर सवाल उठाए हैं।

tejashwi yadav rahul gandhi nitish kumar- India TV Hindi Image Source : PTI तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और नीतीश कुमार।

बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन अपने सहयोगी दलों के बीच खींचतान में जूझ रहा है। आज यानी 20 अक्टूबर दूसरे चरण के नामांकन की अंतिम तिथि थी। उससे पहले कांग्रेस ने अपनी चौथी लिस्ट जारी कर दी। कांग्रेस की चौथी लिस्ट में 6 कैंडिडेट्स के नाम हैं। कांग्रेस अब तक कुल 60 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर चुकी है। वहीं, कुटुंबा सीट से RJD अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। RJD उम्मीदवार सुरेश पासवान आज नामांकन नहीं करेंगे। कुटुंबा से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम चुनाव लड़ रहे हैं। कुटुंबा सीट से भले ही आरजेडी ने अपना हाथ खींच लिया है लेकिन अभी भी 4 से 5 सीट ऐसी है जहां तेजस्वी और राहुल के बीच तकरार है। दोनों नेता आमने-सामने हैं। बीजेपी ने महागठबंधन की एकता पर सवाल उठाए हैं। 

Live updates : Bihar Assembly Election LIVE

  • 6:22 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    महागठबंधन सभी सीटों पर जीतेगा- अवध बिहारी चौधरी

    सीवान सदर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार अवध बिहारी चौधरी ने कहा, "राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने बिहार विधानसभा में राजद के लिए 143 उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जिनकी घोषणा आज की गई। मुझे उम्मीद है कि राजद और महागठबंधन सभी सीटों पर जीत हासिल करेंगे। बिहार में मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा। आरएसएस, भाजपा और सांप्रदायिक ताकतों को हराया जाएगा।"

  • 5:17 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    चिराग पासवान को उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "माहौल एकतरफा है और हम अपनी उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन करेंगे। एनडीए ने समय पर सीट बंटवारा पूरा कर लिया, जिससे बहुत सकारात्मक संदेश गया है। महागठबंधन अपने लोगों को एकजुट रखने में असमर्थ है, इसलिए हमें अधिक सीटें जीतने की उम्मीद है। जो गठबंधन अपने सहयोगी दलों का ध्यान नहीं रख सकता, वह राज्य का ध्यान कैसे रखेगा? बिहार की जनता महागठबंधन के नेताओं से ये सवाल पूछ रही है। एनडीए के नेता 14 नवंबर को फिर से दिवाली मनाएंगे।"

  • 5:08 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    राजद प्रत्याशी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

    सासाराम विधानसभा से राजद प्रत्याशी सत्येंद्र शाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सत्येंद्र शाह सासाराम अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे, तभी रोहतास पुलिस ने 2004 के पुराने मामले में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घटना के दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, वहीं राजद समर्थकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले गई।

  • 4:25 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    कस्बा में कांग्रेस नेता की बगावत

    पूर्णिया के कस्बा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के पूर्व मंत्री व निवर्तमान विधायक आफाक आलम ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा। इस मौके पर उन्होंने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव और कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व पर काफी कड़ा प्रहार किया है। आफाक आलम ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने रुपया लेकर इरफान आलम को कस्बा से टिकट दिया है। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव ने बीच में डील किया है। पप्पू यादव द्वारा यह कहे जाने पर की उसने आफाक आलम को जिला परिषद अध्यक्ष बनने के लिए 80 लाख रुपए दिया था। इस पर आफाक आलम ने कहा कि वह झूठ बोल रहे हैं। मैंने ही पप्पू यादव की मां को 10 लाख रुपया दिया है। उन्होंने कहा कि वह आज कह रहे हैं की अफाक आलम को उसने ही मंत्री बनाया था। वह क्या प्रधानमंत्री थे की मुख्यमंत्री थे जो हमको मंत्री बना देंगे। उन्होंने पप्पू यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि शुरुआती दौर में हमने ही उनके साथ दिया था और आज वह मेरे बारे में झूठा बयान दे रहे हैं ।

  • 2:46 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    मोहनिया सीट से श्वेता सुमन ने भरा पर्चा

    कैमूर जिले की मोहनिया विधानसभा सीट से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राजद प्रत्याशी श्वेता सुमन ने गहमागहमी के बीच अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। श्वेता सुमन ने इससे पहले 2020 के विधानसभा चुनाव में उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी के टिकट पर इसी सीट से चुनाव लड़ा था और उस समय वे तीसरे स्थान पर रही थीं। इस बार आखिरी क्षण में RJD ने उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित किया, जिससे मोहनिया क्षेत्र का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गया है।

  • 2:10 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    नामांकन से ठीक पहले कांग्रेस ने सुपौल सीट पर बदला उम्मीदवार

    दूसरे चरण के नामांकन के आज अंतिम दिन सुपौल विधानसभा सीट से कांग्रेस ने अंतिम घड़ी में प्रत्याशी बदल दिया है। कांग्रेस ने अनुपम सिंह से टिकट वापस लेकर मिन्नत रहमानी को प्रत्याशी घोषित किया है। यह फैसला नामांकन की अंतिम घड़ी में लिया गया, जिससे सुपौल में राजनीतिक हलचल आज तेज हो गई है। बता दें कि आज दूसरे चरण के नामांकन का अंतिम दिन है और नामांकन के अंतिम घड़ी में सुपौल में महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी अनुपम सिंह से कांग्रेस ने टिकट वापस लेकर मिन्नत रहमानी को दे दिया है।

  • 1:24 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    RJD ने जारी की 143 कैंडिडेट्स की लिस्ट

    बिहार विधानसभा चुनाव के लिए RJD ने 143 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी कर दी है। 12 सीटों पर कांग्रेस के खिलाफ उम्मीदवार उतारे गए हैं वहीं 24 महिलाओं को टिकट दिया है। तेजस्वी यादव राघोपुर से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के खिलाफ RJD कोई कैंडिडेट खड़ा नहीं किया है। कहलगांव, सुल्तानगंज से कांग्रेस के खिलाफ प्रत्याशी उतारे गए हैं। बेलहर से JDU सांसद गिरधारी यादव के बेटे को तेजस्वी की पार्टी ने टिकट दिया है। बिहारीगंज सीट से रेणु कुशवाहा को टिकट मिला है। वे पहले JDU कोटे से मंत्री थीं। जमुई जिले के झाझा से RJD ने 5 बार के विधायक, 2 बार सांसद रहे, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जय प्रकाश यादव को टिकट दिया है।

  • 11:01 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    शाम 5 बजे तक दूसरे चरण के लिए नामांकन

    बिहार में दूसरे चरण के लिए नामांकन की आज आखिरी तारीख है। सेकंड फेज की 122 सीटों के लिए आज शाम 5 बजे तक पर्चा दाखिल किए जा सकते हैं सेकंड फेज के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होनी है तो वहीं, फर्स्ट फेज के लिए नामांकन वापसी की आज आखिरी तारीख है। शाम 5 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं यानि आज ये क्लियर हो जाएगा कि फर्स्ट फेज में कितनी सीटों पर कहां से किस पार्टी के कितने उम्मीदवार हैं, कितने बागी मैदान में हैं और कहां-कहां फ्रेंडली फाइट है। 

  • 10:12 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    कुटुंबा सीट से RJD नहीं उतारेगी उम्मीदवार

    कुटुंबा सीट को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। कुटुंबा सीट से RJD अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। RJD उम्मीदवार सुरेश पासवान आज नामांकन नहीं करेंगे। कुटुंबा से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले राजेश राम ने कहा था कि आज पिक्चर क्लियर हो जाएगी।

  • 8:49 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    AAP ने जारी की उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट

    आम आदमी पार्टी (AAP) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी कर दी है और इसमें 12 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। AAP अब तक 99 उम्मीदवारों का नाम घोषित कर चुकी है। पहली लिस्ट में 11, दूसरी लिस्ट में 48 और तीसरी लिस्ट में 28 प्रत्याशियों की घोषणा हुई थी।

  • 7:26 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    बिहार चुनाव के लिए AIMIM की पहली लिस्ट जारी

    असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने बिहार चुनाव के लिए अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है, इसमें 2 गैर मुस्लिमों को भी टिकट दिया गया है। AIMIM की 25 उम्मीदवारों वाली पहली लिस्ट में जिन गैर-मुस्लिम प्रत्याशियों को टिकट दिया है उनमें गया जिले की सिकंदरा सीट से मनोज कुमार दास को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से मौजूदा विधायक औ केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के नेता प्रफुल्ल कुमार मांझी लगातार दूसरी जीत की कोशिश में हैं। वहीं, पूर्वी चंपारण जिले की ढाका विधानसभा सीट से पार्टी ने राणा रंजीत सिंह को टिकट दिया है जो बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री राणा रंधीर सिंह के भाई हैं।  

  • 7:24 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी करेंगी नामांकन

    भोजपुरी स्टार पवन सिंह से चल रहे फैमिली विवाद के बीच उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने काराकाट सीट से पर्चा भरने का फैसला लिया है। आज ज्योति सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन करेंगी। कुछ दिन पहले ज्योति सिंह ने जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर से मुलाकात की थी। इसके बाद यह चर्चा थी कि वह जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि अब प्रशांत किशोर के साथ बात नहीं बनने के बाद ज्योति सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरने का फैसला लिया है। 

  • 7:23 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    तेज प्रताप यादव पर FIR दर्ज

    लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव पर बिहार के वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। मामला 16 अक्टूबर को उनके नामांकन जुलूस के दौरान का है, जब तेज प्रताप यादव को एक प्राइवेट गाड़ी एसयूवी पर पुलिस स्टिकर और सायरन लाइट का इस्तेमाल करते हुए देखा गया।

  • 7:20 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    कांग्रेस की चौथी लिस्ट जारी

    बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 6 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही, कांग्रेस ने अब तक कुल 60 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की ओर से अनुमोदित इन छह नामों की घोषणा रविवार देर रात की गई।

    चौथी लिस्ट में शामिल उम्मीदवार और उनकी सीटें-

    1. वाल्मीकिनगर- सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा
    2. अररिया- अबिदुर रहमान
    3. अमौर- जलील मस्तान
    4. बरारी- तौकीर आलम
    5. कहलगांव- प्रवीण सिंह कुशवाहा
    6. सिकंदरा (SC)- विनोद चौधरी

  • 7:18 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    महागठबंधन में कौरवों की तरह आपस में लड़ाई- NDA नेता

    पप्पू यादव लालू यादव को गठबंधन धर्म की नसीहत दे रहे हैं तो विरोधी गठबंधन में इस संकट पर तंज कस रहे हैं। NDA नेताओं का कहना है कि उनका गठबंधन पांडव की तरह एकजुट है जबकि महागठबंधन में कौरवों की तरह आपस में लड़ाई हो रही है।

  • 7:17 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    राजेश राम के खिलाफ RJD उम्मीदवार आज करेगा नामांकन

    पहले दरभंगा की गौड़ाबौराम सीट पर मुकेश सहनी के भाई के खिलाफ RJD के उम्मीदवार खड़ा करने को लेकर विवाद गहराया तो अब कुटुंबा सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के खिलाफ भी आरजेडी के कैंडिडेट नामांकन करने वाले हैं। आज राजेश राम का नॉमिनेशन होने वाला है और आज ही RJD कैंडिडेट सुरेश पासवान भी कुटुंबा सीट से नामांकन भरने वाले हैं।