बिहार एग्जिट पोल पर आरजेडी और कांग्रेस की पहली प्रतिक्रिया, कहा- तेजस्वी बन रहे बिहार के सीएम!
बिहार चुनाव के एग्जिट पोल पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा, "एग्जिट पोल सटीक नहीं होते, ये केवल अटकलें हैं. ये संकेत देते हैं कि क्या हो सकता है, यह सोचना सही नहीं होगा कि ये सटीक हैं।

पटनाः बिहार में मतदान खत्म होने के बाद लगभग सभी एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है। एग्जिट पोल पर आरजेडी और कांग्रेस की पहली प्रतक्रिया सामने आई है। आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि एग्जिट पोल पहले भी गलत साबित हुए हैं। इस बार भी होंगे। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि 14 नवंबर को महागठबंधन और तेजस्वी यादव भारी मतों से जीतेंगे। बिहार की जनता ने एनडीए सरकार के खिलाफ वोट दिया है और तेजस्वी को सरकार बनाने के लिए वोट दिया है। एग्जिट पोल देखकर जो लोग भ्रम में हैं, उन्हें भ्रम में रहने दें। सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं। यह तय है कि बिहार में महागठबंधन और तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी।
एग्जिट पोल पर आरजेडी का बयान
वहीं, आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने एग्जिट पोल को झुठला दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में बंपर वोटिंग से बीजेपी हिल गई है। एग्जिट पोल करने वाली एजेंसियां पैसे लेकर जानकारी देती हैं। एग्जिट पोल में बढ़त दिखाकर बीजेपी अधिकारियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव देना चाहती है। ताकि मतगणना के दौरान धांधली कर सकें।
कांग्रेस ने दिया ये बयान
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मैं एग्ज़िट पोल पर कुछ नहीं बोलूंगी। नतीजे आने पर हम इस पर चर्चा करेंगे। हालांकि, बिहार सबक सिखाएगा क्योंकि उसके वोट के अधिकार के साथ छेड़छाड़ की गई है... मुझे पूरा यकीन है कि महागठबंधन सरकार बनाएगा। वहीं, कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि एग्जिट पोल सटीक नहीं होते, ये केवल अटकलें हैं। ये संकेत देते हैं कि क्या हो सकता है, यह सोचना सही नहीं होगा कि ये सटीक हैं।
कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि वास्तविक परिणाम एग्जिट पोल से बिल्कुल अलग हैं। अगर कहीं भी मतदान में अधिक मतदान होता है, तो यह समझा जाता है कि वहां की मौजूदा सरकार बाहर हो जाएगी... तेजस्वी यादव राज्य के अगले सीएम होंगे।
एग्जिट पोल बिल्कुल गलत हैंः अजीत शर्मा
उधर, भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अजीत शर्मा ने कहा कि जब तक मतगणना पूरी नहीं हो जाती, कौन कह सकता है कि कौन जीत रहा है? यह कहना कि NDA की सरकार बन रही है, बिल्कुल गलत है... जनता फैसला करती है। बिहार का माहौल ऐसा है कि सरकार महागठबंधन की बनेगी, INDIA गठबंधन की बनेगी। इस बार बिहार का विकास होगा... एग्जिट पोल बिल्कुल गलत हैं... जनता भाजपा से तंग आ चुकी है।
ये भी पढ़ेंः Bihar Exit Poll 2025: बिहार विधानसभा की 243 सीटों में से किसे कितनी सीटें, एग्जिट पोल के आंकड़े देखकर चौंक जाएंगे
Bihar Election Exit Poll: जेडीयू को मिल सकती हैं सबसे ज्यादा सीटें, एग्जिट पोल ने दी इतनी सीटें
इनपुट- एएनआई