A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. रिजल्ट के दिन जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी की हार्ट अटैक से मौत, इस सीट से थे उम्मीदवार

रिजल्ट के दिन जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी की हार्ट अटैक से मौत, इस सीट से थे उम्मीदवार

भोजपुर जिले की तरारी विधानसभा सीट से जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह का निधन हो गया है। पटना के प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। उनके निधन के बाद परिवार और जनसुराज पार्टी में मातम छा गया है।

chandrashekhar singh- India TV Hindi
Image Source : FACEBOOK- CHANDRASHEHAR SINGH चन्द्रशेखर सिंह की फाइल फोटो

बिहार विधानसभा चुनाव में 'X फैक्टर' मानी जा रही प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी 243 सदस्यीय सदन में खाता भी नहीं खोल पाई। इसी बीच एक और बुरी खबर सामने आई है। भोजपुर जिले की तरारी विधानसभा सीट से जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह का निधन हो गया है। पटना के प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। यह घटना ऐसे वक्त में हुई है जब शुक्रवार को ही चुनाव के नतीजे घोषित हुए हैं।

पार्टी और परिवार में छाया मातम

इससे पहले 31 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान चंद्रशेखर सिंह को पहला हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आज दोपहर बाद उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। शाम करीब 4 बजे उन्हें दूसरा हार्ट अटैक आया जिसके बाद उनका निधन हो गया। उनके निधन के बाद परिवार और जनसुराज पार्टी में मातम छा गया है। 

रिटायर्ड टीचर थे चंद्रशेखर

चंद्रशेखर सिंह रिटायर्ड टीचर थे और  वे मूल रूप से कुरमुरी गांव के रहने वाले थे। वे शिक्षक संघ के सक्रिय पदाधिकारी भी रह चुके हैं। जनसुराज पार्टी के बनने के बाद वे प्रशांत किशोर से प्रभावित हुए और फिर पार्टी ने चुनाव लड़ने का मौका भी दिया था। वे जनसुराज पार्टी में काफी सक्रिय नेता थे। इसके अलावा ब्रह्मर्षि समाज के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके थे।

तरारी सीट पर कौन जीता?

जिस सीट से चंद्रशेखर सिंह जनसुराज के उम्मीदवार थे वहां 29 राउंड में मतगणना पूरी हुई है। 96887 वोटों के साथ पहले नंबर पर बीजेपी के विशाल प्रशांत रहे। दूसरे नंबर पर सीपीआईएमएल के मदन सिंह रहे। उन्हें 85423 वोट मिले हैं।