1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में एक ही दिन में 5 लाशें हुई बरामद, गंगा नदी के किनारे मिली महिला और पुरुष की लाश, पुलिस भी हैरान

पटना में एक ही दिन में 5 लाशें हुई बरामद, गंगा नदी के किनारे मिली महिला और पुरुष की लाश, पुलिस भी हैरान

बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने एक ही दिन में अलग-अलग इलाके से पांच अज्ञात डेड बॉडी बरामद किए गए हैं। लाशें मिलने की घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

Five dead bodies recovered in Patna - India TV Hindi
Image Source : REPORTER पटना में 5 लाशें मिलने से मची सनसनी।

बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने अलग-अलग इलाके में पांच अज्ञात लाशों को बरामद किया है। मामले के सामने आने के बाद राजधानी में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने सभी 5 शवों को कानूनी प्रक्रिया करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने इन सभी मामलों की जांच तेज कर दी है और सबूत खंगाल रही है।

कहां-कहां मिली लाशें?

राजधानी पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक बुजुर्ग का शव मिला। इसके बाद दो अज्ञात डेड बॉडी गंगा नदी के किनारे भद्र घाट पर मिली। इनमें एक महिला और एक पुरुष की लाश है। फिर चौक थाना अंतर्गत मिरचाई घाट पर गंगा नदी किनारे एक अज्ञात शख्स का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने मालसलामी थाना के अंतर्गत मंदिर के अंदर एक कुएं से अज्ञात शव बरामद किया है।

पुलिस ने क्या कहा?

पटना के मालसलामी थाना अंतर्गत पटना पुलिस ने गुरुवार को एक मंदिर के अंदर एक कुएं से अज्ञात डेड बॉडी बरामद की है। इसके बाद आलमगंज थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आलमगंज थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

जैसे-जैसे समय बीतता गया गुरुवार की शाम आलमगंज थाना अंतर्गत भद्र घाट गंगा नदी के किनारे एक महिला और एक पुरुष की अज्ञात डेड बॉडी पुलिस ने बरामद की। वहीं, गुरुवार की रात चौक थाना अंतर्गत मिर्ची घाट गंगा नदी किनारे से एक व्यक्ति की डेड बॉडी पुलिस ने बरामद की। बता दें कि पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र से तीन शव मिलने की घटनाओं ने लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है। तीनों शवों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है, जिससे रहस्य और भी गहरा गया है।

इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल

अज्ञात शवों के मिलने की इन लगातार घटनाओं ने इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना दिया है। लोग सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त कर रहे हैं। 1 दिन में कुल पांच अज्ञात शवों के मिलने से ,पुलिस की चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने सभी मामलों की जांच तेज कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही इन मामलों की सच्चाई सामने आएगी। (रिपोर्ट: बिट्टू कुमार)

ये भी पढ़ें- पटना में 7 बजे से 7:15 तक था ब्लैकआउट, अपराधियों ने तभी कर दी मसाला कारोबारी की हत्या, हर कोई हैरान

जमीन का इतना लालच...? अपने ही बेटों ने मां की गला रेतकर कर दी हत्या, पढ़ें पूरा मामला