पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राज्य में हेली-पर्यटन सेवा की शुरुआत कर दी है। उन्होंने पटना एयरपोर्च से पहली हेलीकॉप्टर पर्यटन उड़ान को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर उन्होंने राज्य सरकार के हवाई पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित राज्य हैंगर का भी उद्घाटन किया। यह पहल जून 2026 में कैबिनेट द्वारा स्वीकृत 'बिहार हेली-पर्यटन एवं हवाई पर्यटन सेवा योजना-2026' के तहत शुरू की गई है।
आम लोगों के लिए किफायती हवाई पर्यटन
सरकार का उद्देश्य आम लोगों को किफायती हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराना और बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक तेज और सुविधाजनक संपर्क स्थापित करना है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) कार्यक्रम पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को सर्टिफिकेट और बिल्ले भी प्रदान किए।
सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर क्या लिखा?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी शेयर की है। उन्होंने लिखा-"मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के अंतर्गत पर्यटकों को टिकट प्रदान कर 'पटना जॉय राइड' का शुभारंभ किया तथा पटना एयरपोर्ट परिसर में बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित स्टेट हैंगर का उद्घाटन किया।"
उन्होंने आगे लिखा-"इस अवसर पर कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) प्राप्त चार प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह पहल बिहार को पर्यटन और विमानन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ रोजगार, निवेश और विकास के नए अवसर भी सृजित करेगी।
पहली उड़ान में पांच यात्रियों ने लिया अनुभव
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में दो महिलाओं सहित पांच लोगों ने पहली हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा का आनंद लिया। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव और पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता भी उपस्थित रहे। पर्यटन मंत्री ने इसे बिहार के पर्यटन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। गुप्ता ने कहा कि हेली-पर्यटन सेवा शुरू होने से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को काफी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार नयी ऊंचाइयों को छुएगा और दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करेगा।''
2,100 में 'पटना स्काईलाइन' का रोमांच
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बताया कि पर्यटक मात्र 2,100 रुपये में 10 मिनट की 'पटना स्काईलाइन' हेलीकॉप्टर यात्रा का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा पटना से मां मुंडेश्वरी मंदिर के लिए 6,000 रुपये, वाल्मीकि नगर के लिए 5,000 रुपये और राजगीर के लिए 4,000 रुपये में हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराई गई है। सरकार ने कहा है कि आने वाले समय में इस हवाई पर्यटन नेटवर्क का चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाएगा। (इनपुट-भाषा)