A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. NEET परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स के लिए बिहार CM का बड़ा ऐलान, सभी बसों में मुफ्त में करें यात्रा; पानी-सत्तू का भी करवा रहे इंतजाम

NEET परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स के लिए बिहार CM का बड़ा ऐलान, सभी बसों में मुफ्त में करें यात्रा; पानी-सत्तू का भी करवा रहे इंतजाम

NEET एग्जाम देने जा रहे स्टूडेंट्स को बिहार सरकार ने बड़ा गिफ्ट दिया है। सीएम सम्राट चौधरी ने ऐलान किया है कि NEET परीक्षा के दिन बिहार की सरकारी बसों में अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त यात्रा का इंतजाम होगा। साथ में, उन्होंने पानी और सत्तू की व्यवस्था करने की भी अपील की है।

सम्राट चौधरी ने NEET...- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) सम्राट चौधरी ने NEET स्टूडेंट्स के लिए मुफ्त में बस यात्रा का ऐलान किया है।

NEET परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घोषणा की कि नीट परीक्षा वाले दिन सभी अभ्यर्थी बिहार की सरकारी बसों में मुफ्त में यात्रा कर सकेंगे। साथ ही, उन्होंने अपील की कि अभ्यर्थियों के लिए पीने के पानी और सत्तू आदि का भी इंतजाम किया जाए।

नीट स्टूडेंट्स के लिए सीएम सम्राट का ऐलान

बिहार सीएम सम्राट चौधरी ने पोस्ट किया, 'NEET परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में आवागमन निःशुल्क रहेगा। साथ ही, जिला प्रशासन, राज्य के सभी मठ-मंदिरों एवं गैर-सरकारी संगठनों से आग्रह है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों हेतु पेयजल, सत्तू आदि की व्यवस्था में सहयोग करें। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा हेतु हार्दिक शुभकामनाएं!'

मुफ्त में बस यात्रा से NEET अभ्यर्थियों को आर्थिक मदद

बिहार सरकार के इस निर्णय को NEET अभ्यर्थियों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स हर साल परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए लंबा सफर करते हैं। ऐसे में फ्री में बस सेवा से उन्हें आर्थिक सहायता मिलेगी और NEET एग्जाम के दिन यात्रा से जुड़ी परेशानियां भी कम होंगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को सीएम सम्राट चौधरी के इस ऐलान का सबसे ज्यादा लाभ मिलने की उम्मीद है।

पानी-सत्तू का इंतजाम भी होगी बड़ी सहूलियत

इसके अलावा, भयानक गर्मी को देखते हुए पानी और सत्तू का इंतजाम करने की अपील को भी मानवीय पहल के रूप में देखा जा रहा है। बिहार में इन दिनों तापमान कई दिनों से 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच रहा है। ऐसे में एग्जाम सेंटर्स, रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंड पर राहत व्यवस्था स्टूडेंट्स को बड़ी सहूलियत दे सकती है। प्रशासन की तरफ से तैयारियों को लेकर जल्द ही निर्देश भी जारी किए जा सकते हैं ताकि NEET एग्जाम के दिन स्टूडेंट्स को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े।

कब है NEET का Re-Exam?

जान लें कि बीते 3 मई को NEET की परीक्षा हुई थी लेकिन पेपर लीक की खबरें आने के बाद इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। अब NEET का Re-Exam आगामी 21 जून को होगा। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक का है।

ये भी पढ़ें- NEET UG 2026 फीस रिफंड के लिए पोर्टल ओपन, NTA ने बताई लास्ट डेट, पहले ही कर लें अप्लाई; यहां जानें पूरा प्रोसेस