A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar New CM Highlights: नीतीश कुमार ने दिया CM पद से इस्तीफा, सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया

Bihar New CM Highlights: नीतीश कुमार ने दिया CM पद से इस्तीफा, सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया

बिहार की सियासत में आज बड़ा बदलाव हुआ है। आज नीतीश कुमार ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया और अब राज्य की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में होगी।

Samrat - India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE सम्राट चौधरी

पटना: बिहार की सियासत के लिए आज एक बड़ा दिन है। आज नीतीश युग का अंत हुआ और सम्राट युग का आरंभ होने वाला है। दरअसल आज नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के तौर पर आखिरी कैबिनेट मीटिंग की, जिसमें उन्होंने इस्तीफे का ऐलान किया। इसके बाद हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुना गया। यानी ये साफ हो गया है कि सम्राट चौधरी नए सीएम होंगे।

निशांत कुमार के डिप्टी CM बनने की चर्चा

नए सीएम और उनके मंत्रिमंडल को लेकर कुछ ही घंटों में तस्वीर साफ होने वाली है लेकिन नए सीएम के साथ मंत्रियों के नामों को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। कई संभावित चेहरों के शामिल होने की संभावनाएं जताई जा रही है उनमें से कई चेहरे वहीं हैं जो मौजूदा नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल हैं। लेकिन सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की भी चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार ब‍िहार की नई सरकार में 2 ड‍िप्‍टी सीएम नहीं होंगे सिर्फ निशांत कुमार के रूप में एक ही उप मुख्‍यमंत्री होंगे। जबक‍ि अभी मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बीजेपी कोटे से 2 उप मुख्‍यमंत्री भी हैं।

'नॉन-परफॉर्मिंग' मंत्रियों की छुट्टी?

इसी के साथ ये भी संभावना जताई जा रही है कि बिहार की नई सरकार में बीजेपी के कुछ नए चेहरे मंत्री बन सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी अपने कोटे से कुछ 'नॉन-परफॉर्मिंग' मंत्रियों की छुट्टी कर सकती है। उनकी जगह नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। लेकिन वो चेहरे कौन कौन हो सकते हैं उसको लेकर कयासों का बाजार गर्म है। इसके अलावा, नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई जगह को किसी प्रभावशाली नए चेहरे से भरे जाने का संभावना है।

Live updates : Bihar New CM LIVE

  • 4:31 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान का सामने आया बयान

    केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "सम्राट विकास की नई गाथा लिखेंगे। सम्राट नीतीश और पीएम मोदी के काम को आगे ले जाएंगे। नीतीश ने ईमानदारी की राजनीति की। नीतीश ने बिहार में सुशासन की सरकार दी।" 

  • 4:29 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

    विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट ने कहा कि दायित्व सौंपने के लिए पार्टी का बहुत-बहुत आभार। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व एवं माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। जय बिहार, जय भारत!

  • 4:02 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया

    सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। यानी अब ये साफ हो गया है कि सम्राट चौधरी बिहार के सीएम होंगे।

  • 3:49 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    पटना में बीजेपी विधायक दल की बैठक जारी

    पटना में बीजेपी विधायक दल की बैठक जारी है। बैठक में बीजेपी के सीनियर नेता मौजूद हैं।

  • 3:34 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    निशांत कुमार नहीं बनेंगे डिप्टी CM: सूत्र

    निशांत कुमार डिप्टी CM नहीं बनेंगे, उनकी जगह विजेंद्र यादव को जिम्मेदारी मिल सकती है। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है।

  • 2:52 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    नीतीश ने मंत्रिपरिषद के सहयोगियों के साथ कराई ग्रुप फोटोग्राफी

    आज दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें नए सीएम के नाम पर मुहर लग जाएगी। हालांकि औपचारिक एलान शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक में होगा। नीतीश कैबिनेट की आखिरी मीटिंग के बाद फोटोशूट भी हुआ। नीतीश कुमार ने मंत्रिपरिषद के सहयोगियों के साथ ग्रुप फोटोग्राफी कराई।

    Image Source : x- cmoआखिरी कैबिनेट बैठक में नीतीश कुमार।
  • 1:58 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    बिहार में 2 नए डिप्टी CM बनेंगे

    बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। सूबे को 20 साल बाद नया सीएम मिलने जा रहा है। बतौर बिहार के सीएम आज नीतीश कुमार की शानदार पारी का अंत होगा और बीजेपी बनेगी पटना की नई 'सम्राट'। सम्राट चौधरी बिहार के नए सीएम बनेंगे। जेडीयू कोटे से दो डिप्टी सीएम बनेंगे जिसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और विजय चौधरी का नाम फाइनल है। बिहार की नई सम्राट सरकार में कौन-कौन मंत्री बनेगा, इसपर भी आज शाम फैसला होगा।

  • 12:10 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    कल सुबह 11 बजे शपथ लेंगे सम्राट चौधरी!

    दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें नए सीएम के नाम पर मुहर लग जाएगी। हालांकि औपचारिक ऐलान शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक में होगा। सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगना तय है। सम्राट चौधरी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कल सुबह 11 बजे नए सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

     

  • 12:09 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    आज शाम सम्राट चौधरी के नाम का ऐलान

    आज दोपहर को बिहार के नए सीएम का ऐलान होगा। खबर है कि सम्राट चौधरी बिहार के नए सीएम बनेंगे। सम्राट चौधरी के अलावा नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी बिहार सरकार में बड़ा रोल प्ले करेंगे। निशांत कुमार को नई सरकार में डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। बिहार की नई सम्राट सरकार में कौन-कौन मंत्री बनेगा- इसपर भी आज शाम फैसला होगा।

     

  • 12:07 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    राज्यपाल को मिलकर इस्तीफा सौपेंगे नीतीश

    20 साल बिहार पर राज करने वाले नीतीश की पारी का आज अंत हो रहा है। नीतीश कुमार ने अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक में इस्तीफे का ऐलान कर दिया है और अब ख़बर है कि थोड़ी देर में नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलेंगे। नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौपेंगे।

  • 11:51 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    नीतीश कुमार ने किया इस्तीफे का ऐलान

    नीतीश कुमार ने अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। अपनी आखिरी कैबिनेट की बैठक में उन्होंने इस्तीफे की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा, मैं अब जा रहा हूं, मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा। नीतीश कुमार ने अपने 5 मिनट के संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि 2005 में मैं सरकार में आया, जहां तक मुझसे हो सका मैंने किया, नई सरकार को मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा। विजय चौधरी और सम्राट चौधरी ने भी सम्बोधित किया। नीतीश कुमार के दो दशक के कार्यकाल को लेकर उन्हें धन्यवाद दिया।

     

  • 11:33 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे

    बिहार के सीएम की रेस में सम्राट चौधरी सबसे आगे हैं। सम्राट चौधरी बीजेपी और RSS की पृष्ठभूमि से नहीं आते इसके बावजूद उनके रेस में सबसे आगे होने की कई वजह है। वो पीएम मोदी और अमित शाह के भरोसेमंद हैं। सम्राट चौधरी OBC के कुशवाहा समाज से आते हैं वो बिहार के उस लव-कुश समीकरण में फिट बैठते हैं जो नीतीश कुमार का कोर वोट बैंक रहा है। कुशवाहा समाज यादवों के बाहर बिहार की दूसरी सबसे बड़ी जाति है। सम्राट चौधरी को नीतीश कुमार का भी विश्वास हासिल है। हाल में नीतीश ने जो यात्रा निकाली थी उसमें सम्राट चौधरी भी हमेशा उनके साथ थे।

  • 11:28 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    थोड़ी देर में नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक

    थोड़ी ही देर में नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक होने जा रही है। इस दौरान नीतीश अपने कैबिनेट सहयोगियों को अपने फैसले की जानकारी दे सकते हैं। नीतीश आज दोपहर 3 बजे राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। उससे पहले नीतीश ने अंबेडकर जयंती पर बाबासाहेब को श्रद्धांजलि दी है। अंबेडकर की प्रतिमा पर फूल चढाए। इस दौरान बीजेपी के संभावित सीएम चेहरे सम्राट चौधरी भी नीतीश के साथ थे। सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार एक साथ कार में बैठते दिखाई दिए।

  • 9:50 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    आज नहीं होगी JDU विधायक दल की बैठक

    जहां आज नए सीएम का ऐलान होने वाला है, उससे पहले जेडीयू विधायक दल की आज होने वाली बैठक टल गई है। अब ये बैठक कल होगी। जेडीयू के नेता श्रवण कुमार ने ये जानकारी दी। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद उनके उत्तराधिकारी का आज चुनाव होने जा रहा है। दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें नए सीएम के नाम पर मुहर लग जाएगी। आज ही शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक होगी जिसमें सीएम का औपचारिक ऐलान होगा।

  • 9:48 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    सहयोगी दलों के संभावित मंत्री

    1. संतोष कुमार सुमन 
    2. संजय पासवान
    3. संजय कुमार सिंह
    4. दीपक प्रकाश
  • 9:48 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    बीजेपी कोटे के संभावित मंत्री

    1. विजय कुमार सिन्हा
    2. मंगल पाण्डेय
    3. रामकृपाल यादव
    4. दिलीप जायसवाल
    5. श्रेयसी सिंह
    6. लखेंद्र पासवान
    7. रमा निषाद
    8. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी
    9. अरुण शंकर प्रसाद
    10. संजय सिंह टाईगर
  • 7:53 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    तेजस्वी ने नीतीश पर क्या आरोप लगाया?

    एक ओर NDA नए सीएम के शपथ ग्रहण की तैयारी कर रही है तो दूसरी ओर RJD ने सीएम बदले जाने पर बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की सरकार अब रिमोर्ट कंट्रोल से चलेगी। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार पर बिहार का खजाना खाली करने और बिहार को बदहाल छोड़कर जाने का भी आरोप लगाया। 

  • 6:46 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    ताजपोशी से पहले पटना में जुट रहे दिग्गज

    बिहार में नए सीएम की ताजपोशी से पहले पटना में आज दिग्गजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो रहा है।

    • आज सुबह 10 बजे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचेंगे।
    • पीएम मोदी भी आज शाम पटना पहुंच रहे हैं। रात में वो पटना में ही रुकेंगे और 15 अप्रैल को नई सरकार के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे।
    • 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे बिहार में नए सीएम का शपथ ग्रहण होगा।
    • बीजेपी विधायक दल की बैठक से पहले सोमवार शाम डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई। राज्यपाल के सचिव ने भी दिन में सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी।
  • 6:44 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    कौन होगा नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी?

    सवाल है कि बीजेपी किसे अगले सीएम के तौर पर चुनेगी। पिछले कई दिनों से कई नामों को लेकर कयासबाजी चल रही है। तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही है लेकिन बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सीएम की रेस में सबसे आगे हैं। जातीय समीकरणों के लिहाज से भी सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनान तय है। वो नीतीश कुमार के लव-कुश समीकरण यानी कुर्मी-कुशवाहा वोट बैंक के लिहाज से भी फिट बैठते हैं। साथ ही सम्राट पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों के ही भरोसेमंद माने जाते हैं।

  • 6:43 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    बिहार के अगले CM पर आज मुहर

    1. आज सुबह 11 बजे सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी।
    2. बैठक के बाद नीतीश दोपहर तीन बजे लोकभवन जाकर राज्यपाल को सीएम पद का इस्तीफा सौंपेंगे।
    3. उसके बाद दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल मीटिंग होनी है, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जाएगी।
    4. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान उस बैठक में सेट्रल ऑब्जर्वर के तौर पर मौजूद रहेंगे, आज ही वो पटना पहुंचेंगे।
    5. हालांकि अगले सीएम का औपचारिक एलान NDA विधायक दल की मीटिंग के बाद किया जाएगा।
    6. शाम 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में NDA विधायक दल की बैठक होगी। आज ही जेडीयू विधायक दल की भी बैठक होगी।
  • 6:40 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    नई सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां तेज

    नई सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 15 अप्रैल को लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि पहले चरण में सीएम और डिप्टी सीएम के साथ कुछ चुनिंदा वरिष्ठ मंत्रियों को ही शपथ दिलाई जाएगी, जबकि बाकी मंत्रियों को बाद में कैबिनेट विस्तार के दौरान शामिल किया जाएगा। 

     

  • 6:38 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    जेडीयू कोटे से कौन कौन बन सकते हैं मंत्री?

    जेडीयू कोटे से ज्यादातर उन्हीं नामों की चर्चा है जो अभी नीतीश सरकार में मंत्री हैं। उनमें विजेंद्र यादव, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, जमा खां और सुनील कुमार इस बार भी मंत्री बन सकते हैं। हालांकि कुछ नए नाम भी शामिल किए जा सकते हैं। नीतीश कुमार के बेटे निशांत भी इस बार मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं, जिनको डिप्टी सीएम भी बनाया जा सकता है।

  • 6:37 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    NDA विधायक दल की बैठक में CM के नाम पर अंतिम मुहर

    बिहार के नए सीएम पर जारी सस्पेंस आज खत्म हो सकता है। NDA विधायक दल की बैठक में शाम 4 बजे नए सीएम के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। कल सुबह 11 बजे पटना में होने वाले शपथ ग्रहण में पीएम मोदी भी शामिल होंगे।