गोपाल खेमका मर्डर केस: बेऊर जेल में रची गई थी हत्याकांड की साजिश, DGP का बड़ा खुलासा, जानें क्या कहा
पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्याकांड पर सियासत जारी है। हत्या का सीसीटीवी भी सामने आ गया है। बेऊर जेल में पुलिस ने छापेमारी की है। पता चला है कि हत्याकांड की साजिश जेल में ही रची गई थी।

पटना: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार की रात राज्य के बड़े व्यवसायी गोपाल खेमका की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस बीच पटना के बेऊर जेल में पुलिस की बड़ी टीम ने छापेमारी की है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने गोपाल खेमका हत्याकांड पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि मामले पर सख्त कार्रवाई होगी, वहीं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा, उनके घर में घुसकर मारेंगे।
डीजीपी का बड़ा खुलासा
बेऊर जेल में हुई छापेमारी ने इस हत्याकांड को और भी खतरनाक बना दिया है, क्योंकि पुलिस ने जेल के अंदर से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं और साथ ही अब यह पुष्टि हुई है कि खेमका हत्याकांड का कनेक्शन सीधे जेल के अंदर से जुड़ा है। बिहार के पुलिस महानिदेशक, डीजीपी विनय कुमार ने खुद बताया कि इस हत्याकांड की कई एंगल से जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि पटना और वैशाली पुलिस मिलकर इस केस पर काम कर रही हैं। डीजीपी के मुताबिक, हत्या की साजिश में कुछ ऐसे लोगों के हाथ होने की आशंका है जो पहले खेमका के बेटे की हत्या के आरोपी रह चुके हैं और अब बेल पर बाहर हैं।
सम्राट चौधरी का बड़ा बयान
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन लोगों ने कानून हाथ में लिया है पुलिस उनके घर में घुसकर उन्हें मारेगी। जिस अधिकारी की लापरवाही के चलते ऐसी घटना घटी है उसे भी स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी गई है अगले 24 घंटे में उसके खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि न्याय देना सरकार का काम है और बिहार में कोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम नहीं है। कोई भी अपराधी किसी भी हालत में बचने वाला नहीं है इतना जरूर स्पष्ट है।
Live updates : LIVE: गोपाल खेमका की साजिश पटना के बेऊर जेल में रची गई? चल रही छापेमारी
-
July 05, 2025 5:41 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
मैं ऐसे अखबारों का बहिष्कार करने के लिए समर्थन मांगूंगा-तेजस्वी
पटना में राजद के राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "पहले जब लालू जी सत्ता में थे, तो विपक्ष की खबरें अखबार के पहले पन्ने पर छपती थीं। अब बिहार में अपराध हो रहा है, लेकिन वह पहले पन्ने पर नहीं छप रहा... मैं ऐसे अखबारों का बहिष्कार करने के लिए अपना समर्थन मांगूंगा..."
-
July 05, 2025 5:39 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
कांग्रेस सांसद ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना
गोपाल खेमका हत्याकांड मामले में कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा, "बिहार में इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। एक तरफ नीतीश कुमार कहते हैं कि वे (राज्य सरकार) सुशासन के साथ राज्य चला रहे हैं और उनके पास सब कुछ नियंत्रण में है। लेकिन, आजकल चोरी और हत्या आम बात हो गई है।"
-
July 05, 2025 4:41 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा-मेरे पास शब्द नहीं हैं...
व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा, "मेरे पास शब्द नहीं हैं, मैं शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना कैसे व्यक्त करूं। मुझे उम्मीद है कि जल्द से जल्द कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का अपराध करने की हिम्मत न कर सके। घटना बहुत दुखद है।" ANI
-
July 05, 2025 4:39 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
बेऊर जेल से जुड़े हो सकते हैं हत्याकांड के तार-बोले एसएसपी
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा कि सीसीटीवी के आधार पर और अनुसंधान में कुछ लीड मिली है जिसके कारण पटना के बेऊर जेल में छापेमारी चल रही है। अभी इस विषय में मैं ज्यादा खुलासा नहीं कर सकता हूं लेकिन हम लोग सही रास्ते पर चल रहे हैं और बहुत जल्दी आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे। बेऊर जेल से इस हत्याकांड के तार जुड़े हुए हो सकते हैं, इसी के लिए वहां पर छापेमारी चल रही है।
-
July 05, 2025 4:35 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा बयान
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि न्याय देना सरकार की जिम्मेदारी है और बिहार में कोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम नहीं है। सीएम के निर्देश पर इस हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है और टीम को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसआईटी हर पहलू की बारीकी से जांच करेगी और कोई भी अपराधी चाहे जितना भी ताकतवर हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।
-
July 05, 2025 4:15 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
सीएम नीतीश ने डीजीपी से की बात
गोपाल खेमका हत्याकांड को लेकर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने पुलिस के आला अधिकारियों के साथ बैठक की और इस घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने डीजीपी से अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश भी दिया। साथ ही उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।
-
July 05, 2025 4:12 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
यह विषय चिंताजनक है-बोले चिराग पासवान
चिराग पासवान ने गोपाल खेमका हत्याकांड पर कहा, “यह विषय चिंताजनक है,अगर एक शहरी इलाके में, खुलेआम इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया जाता है जहां पर व्यवस्था अगल-बगल है, थाना बगल में है, बड़े-बड़े अधिकारी हैं, यदि इस तरह के इलाके में इस तरह की घटना घटती है तो यह गंभीर विषय है। इस तरह की घटना इस चिंता को सामने लाती हैं कि क्या स्थानीय प्रशासन द्वारा उस परिवार को सुरक्षा दी गई?… लापरवाही कहां हुई है, ये गंभीरता से सोचा जाना चाहिए।”
-
July 05, 2025 4:06 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
पटना के बेऊर जेल में चल रही छापेमारी
बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार की रात कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड को लेकर पटना के आईजी और सीनियर एसपी के नेतृत्व में शनिवार को 14 थाने के पुलिस पदाधिकारी बेउर जेल में छापेमारी की जा रही है।
-
July 05, 2025 4:02 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
बिहार में नीतीश का इकबाल खत्म हो गया है-प्रशांत किशोर
गोपाल खेमका हत्याकांड को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि अब नीतीश कुमार के राज में भी हालात बेकाबू हो चुके हैं, जिस तरह लालू यादव के शासनकाल में अपराधियों का तांडव था और उन्हें किसी का डर नहीं था, ठीक उसी तरह नीतीश कुमार के राज में अब अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार का अब कोई इकबाल नहीं रह गया है और बिहार में अब शासन का डर खत्म हो चुका है।