1. Hindi News
  2. बिहार
  3. खान सर पर भड़क उठे तेज प्रताप यादव, कहा- 'वह जलनदहा आदमी हैं, पढ़ाने से नहीं-फोटो खिंचाने से मतलब है'

खान सर पर भड़क उठे तेज प्रताप यादव, कहा- 'वह जलनदहा आदमी हैं, पढ़ाने से नहीं-फोटो खिंचाने से मतलब है'

पटना में खान सर की कोचिंग और ज्ञान बिंदू कोचिंग के बीच हुए विवाद के बाद बवाल जारी है। अब इस मामले में तेज प्रताप यादव की भी एंट्री हो गई है। तेज प्रताप यादव ने कहा है कि खान सर को पढ़ाने से नहीं-फोटो खिंचाने से मतलब है।

patna tej pratap yadav on khan sir- India TV Hindi
Image Source : PTI खान सर पर भड़क उठे तेज प्रताप यादव। (फाइल फोटो)

बिहार की राजधानी पटना के खान कोचिंग सेंटर पर हुए फायरिंग मामले में बवाल लगातार जारी है। पुलिस ने इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही खान सर के दो गार्ड को भी गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, इस पूरी घटना को लेकर खान सर के कई दावे झूठे साबित हुए हैं। अब शुक्रवार को पटना पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए फेमस टीचर फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। इस मामले में हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पटना में जारी इस बवाल को लेकर अब तेज प्रताप यादव का भी बयान सामने आ गया है। तेज प्रताप यादव ने इस मामले में खान सर पर निशाना साधा है।

क्या बोले तेज प्रताप?

तेज प्रताप यादव ने कहा- खान सर ये सब क्यों करवाना चाहते हैं? खान सर हाइलाइटेड होने के लिए ये सब करवा रहे हैं। लोगों पर झूठा मुकदमा किया जा रहा है। बिल्कुल सही बात उन्होंने कही है (रौशन आनंद सर), जिस तरह से उनका रिजल्ट आता है खान सर को जलन तो होगी। ये जलनदहा आदमी हैं। पढ़ाने से नहीं मतलब है इनको। इन्हें फोटो खिंचाने से मतलब है। शिक्षक कभी फोटोबाजी नहीं कराता है, मीडियाबाजी नहीं कराता है। शिक्षक चुपचाप पढ़ाता है, उसको राजनीति से मतलब नहीं है और ये खान सर जो हैं राजनीति करना चाहते हैं, इनको राजनीति से मतलब है।

तेज प्रताप ने पहले सरकार पर उठाया था सवाल

बता दें कि इससे पहले तेज प्रताप यादव ने खान सर की कोचिंग पर हुए बवाल को लेकर राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए थे। तेज प्रताप ने गुरुवार को कहा था कि "सबसे पहले सम्राट चौधरी सरकार को इस मामले एक्शन लेना चाहिए। ये एक घटना नहीं है, पूरे बिहार में ऐसी घटनाएं हो रही हैं और प्रशासन चुप्पी साध कर हाथ पर हाथ रख कर बैठा हुआ है। सरकार इनसे नहीं चल रही है तो इन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। जिस तरह से खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ है उस तरह से किसी के ऊपर भी, हमारे आवास पर भी हमला हो सकता है। तो आम लोगों के साथ क्या व्यवहार हो रहा होगा। अगर बड़े लोग ही सुरक्षित नहीं हैं तो छोटे लोग किस तरह से सुरक्षित रहेंगे। सरकार को इस मामले में पूरे तरीके से एक्शन लेना चाहिए।"

खान सर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

खान सर की कोचिंग में फायरिंग मामले में पुलिस ने खान सर के दोनों बॉडीगार्ड को जेल भेज दिया है। साथ ही उनके हथियारों को भी जब्त कर लिया है जिसे जांच के लिए FSL के पास भेजा जाएगा और फिर जो सबूत आएंगे उसके मुताबिक गे की कार्रवाई की जाएगी। पटना पुलिस द्वारा FIR दर्ज किए जाने के बाद अब फैजल खान उर्फ खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार है। पटना पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

छात्रों ने लगाए खान सर पर आरोप

ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, उनकी रिहाई के लिए पटना में छात्र लगातार प्रोटेस्ट कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि बिना वजह रौशन सर को जेल में बंद किया गया है। ज्ञान बिंदू में पढ़ने वाले छात्र इस पूरी लड़ाई को खान सर की साजिश बता रहे है। रोशन आनंद से पढ़ने वाले बच्चों का कहना है कि हमारे कोचिंग की पढ़ाई अच्छी है इसलिए खान सर इसे बंद कराना चाहते है। ज्ञान बिंदू में पढ़ने वाले छात्रों का कहना है कि खान सर रौशन आनंद की सफलता से घबराए हुए है। यही वजह है कि वो साजिश करके ज्ञान बिंदू कोचिंग को बंद कराना चाहते है। ज्ञान बिंदू में पढ़ाने वाले शिक्षक का कहना है कि पूरे झगड़े की शुरूआत पोस्टर फाड़ने से शुरू हुई थी।

ये भी पढ़ें- फैजल खान उर्फ खान सर के वो 4 झूठ जो पड़ गए उन्हीं पर भारी, अब पुलिस कर रही गिरफ्तारी के लिए तलाश

पटना: कोचिंग फायरिंग मामले में खान सर को तलाश रही पुलिस, गंभीर मामलों में FIR दर्ज