बिहार की राजधानी पटना में हत्या की दर्दनाक वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, यहां एक 20 साल की विवाहिता की उसके ससुराल में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है। आरोप है कि महिला की हत्या बिजली का करंट लगाकर और गला घोंट कर के की गई है। विवाहिता के परिजनों ने थाने में ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। वहीं, पुलिस भी इस घटना के सामने आने के बाज मामला दर्ज कर के कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बिहार की राजधानी पटना के धनरुआ थाना क्षेत्र के गुलरिया बिगहा में 12 जुलाई 2026 दिन रविवार को 20 वर्षीय एक विवाहिता की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि विवाहिता के पति ने पहले उसे बिजली का करंट लगाकर अधमरा कर दिया, इसके बाद तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग शव को कमरे में छोड़कर फरार हो गए।
जमकर तोड़फोड़ की गई
पटना में विवाहिता की हत्या ने सभी को दहला कर रख दिया है। घटना के करीब पांच घंटे बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इधर घटना की सूचना मिलते ही विवाहिता के मायके वाले ससुराल पहुंचे और जमकर तोड़फोड़ की। घर के सारे सामान को लाठी-डंडे से पीटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। गनीमत रही कि सूचना पाकर पटना के धनरुआ पुलिस मौके पर पहुंच गई, अन्यथा आक्रोशित मायके वाले और भी उपद्रव मचाते।
कब हुई थी शादी?
जानकारी के अनुसार बिहार के जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र स्थित नूरपुर धामापुर निवासी पूजा कुमारी की शादी मार्च 2024 में गुलरिया बिगहा निवासी रविरंजन कुमार के साथ हुई थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार पूजा के परिजनों ने बाइक समेत नकदी और अन्य सामान उपहार में दिए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही पूजा के ससुराल वाले बाइक और नकदी की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने क्या एक्शन लिया?
पूजा के चाचा रामध्यान कुमार ने विवाहिता के पति रविरंजन कुमार, ससुर अरविंद कुमार, ननद प्रीती कुमारी और सास फूलमंती देवी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएम भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। (रिपोर्ट: बिट्टू कुमार)
ये भी पढ़ें- बिहार के हाजीपुर में डबल मर्डर से सनसनी, पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, पूरे इलाके में दहशत
पति ने खुशबू को नशीली दवा देकर बेहोश किया फिर बोरे में भरकर सड़क किनारे फेंका, दो साल के बच्चे के कारण बची जान