1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बगहा में शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

बगहा में शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

 Published : Jul 10, 2026 01:44 pm IST,  Updated : Jul 10, 2026 01:44 pm IST

चौतरवा थाना क्षेत्र के कोल्हूआ चौतरवा गांव में गुरुवार को नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया। जानें पूरा मामला।

बगहा में शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत- India TV Hindi
बगहा में शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत Image Source : INDIA TV

बिहार के बगहा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के महज ढाई महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं, मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।

कहां का मामला

बगहा पुलिस जिला के चौतरवा थाना क्षेत्र स्थित कोल्हुआ चौतरवा गांव में एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चौतरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और फोटोग्राफी भी की। मृतका की पहचान 18 वर्षीय सुनीता देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी 21 अप्रैल 2026 को कोल्हुआ चौतरवा निवासी दीपू बैठा से हुई थी। शादी के महज ढाई महीने बाद हुई इस संदिग्ध मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा है।

मृतका के मामा ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के मामा मुन्ना बैठा ने सुनीता की मौत को दहेज हत्या बताते हुए पति दीपू बैठा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर सुनीता को प्रताड़ित किया जाता था और उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर पुलिस ने पति दीपू बैठा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चौतरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा फोरेंसिक टीम की सहायता से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

(रिपोर्ट-अमित कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।