1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. उदयपुर और अलवर में BJP के मेयर, बीकानेर में कांग्रेस की जीत; तीनों शहरों में क्या रहा समीकरण?

उदयपुर और अलवर में BJP के मेयर, बीकानेर में कांग्रेस की जीत; तीनों शहरों में क्या रहा समीकरण?

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Sep 21, 2026 09:35 pm IST,  Updated : Sep 21, 2026 09:40 pm IST

अलवर में बीजेपी की सुमन लता अग्रवाल ने 42 वोट हासिल कर मेयर पद पर जीत दर्ज की, जबकि उदयपुर में बीजेपी के पारस सिंघवी 55 वोट पाकर विजयी रहे। वहीं, बीकानेर में कांग्रेस ने मेयर पद अपने नाम किया।

Bhajanlal sharma- India TV Hindi
जीत के बाद सीएम भजनलाल शर्मा Image Source : ANI

जयपुर: राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में मेयर पद पर बीजेपी का दबदबा कायम रहा। अलवर, उदयपुर और बीकानेर में अलग-अलग सियासी तस्वीर पेश की।  अलवर और उदयपुर में बीजेपी ने मेयर पद पर जीत दर्ज की, जबकि बीकानेर में कांग्रेस अपना बोर्ड बनाने में सफल रही।

उदयपुर में बीजेपी ने दोहराया इतिहास

उदयपुर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी ने इतिहास को दोहराते हुए सातवीं बार अपना बोर्ड बनाया और सोमवार को महापौर के मतदान के बाद पारस सिंघवी भाजपा के सातवें बोर्ड के महापौर बन गए। इससे पहले नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और निर्दलियों के साथ-साथ माकपा के पार्षदों ने महापौर पद के लिए हुए चुनाव में मतदान किया। 80 वार्ड की नगर निगम में सोमवार को महापौर के लिए औपचारिक घोषणा हुई। हालांकि इससे पहले भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने से यह तय हो गया कि भाजपा के पारस सिंघवी की महापौर बनेंगे। वहीं दूसरी और कांग्रेस पार्टी के सभी पार्षद एक साथ नगर निगम पहुंचे और अपनी पार्टी की प्रत्याशी डॉ. पूनम कंवर के पक्ष में मतदान किया। हालांकि बहुमत नहीं होने की वजह से भाजपा के पारस सिंघवी महापौर चुने गए।

परिणामों के अनुसार भाजपा को 55 और कांग्रेस को 25 मत मिले। भाजपा के 53 पार्षदों के साथ दो निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया तो वहीं दूसरी और कांग्रेस के 23 पार्षदों के साथ एक निर्दलीय और एक माकपा के पार्षद ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। इस प्रकार 80 पार्षदों ने महापौर के लिए मतदान किया। 

अलवर में निर्दलीयों ने समीकरण बदला

अलवर नगर निगम में भी बीजेपी ने बाजी मार ली। बीजेपी की सुमनलता अग्रवाल नगर निगम की पहली मेयर बन गई हैं। मेयर चुनाव में सुमनलता अग्रवाल को 42 वोट मिले जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी कमलेश शर्मा को 23 वोट मिले। अलवर निगर निगम में बीजेपी ने 28 और कांग्रेस ने 23 वार्ड जीते थे, जबकि 13 वार्ड निर्दलीयों के खाते में गए। बीजेपी को 13 निर्दलीय और एक अन्य पार्षद का समर्थन मिला।

बीकानेर में कांग्रेस ने दर्ज की जीत

बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस ने मेयर पद पर जीत दर्ज की। कांग्रेस के अनिल कल्ला मेयर चुने गए। निगम के चुनाव में कांग्रेस ने 80 में से 42 वार्ड जीतकर बहुमत हासिल किया था, जबकि बीजेपी को 23 सीटें मिली थीं। मेयर चुनाव में कल्ला को 50 वोट मिले।

10 नगर निगम में से आज 7 पर मेयर का फैसला हुआ

बता दें कि राजस्थान के 10 नगर निगम में से आज 7 पर मेयर का फैसला हो गया। बीजेपी ने अजमेर, पाली, उदयपुर, अलवर, भीलवाड़ा और भरतपुर में अपने मेयर बना लिए। कांग्रेस सिर्फ बीकानेर नगर निगम में बोर्ड बना सकी। जयपुर, जोधपुर और कोटा में मेयर का चुनाव 23 और 25 सितंबर को होगा। नगर परिषद और नगरपालिका चेयरमैन के चुनाव में भी बीजेपी की रणनीति कामयाब हुई। 47 नगर परिषद में से बीजेपी ने 31 में अपने चेयरमैन बनाए। कांग्रेस 13 नगर परिषद में सभापति बना सकी। 2 जगह दूसरी पार्टियों ने चेयरमैन की कुर्सी पर कब्जा किया। नगर पालिका चुनाव में भी बीजेपी हावी रही... 252 में से 162 नगरपालिकाओं में बीजेपी का बोर्ड बना। कांग्रेस सिर्फ 80 नगरपालिकाओं में चेयरमैन बना सकी। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ये जीत पार्टी के कार्यकर्ताओं को समर्पित की।

ये भी पढ़ें:

पाली और अजमेर के मेयर चुनाव में BJP ने किया बड़ा उलटफेर, ज्यादा सीटें होने के बावजूद हारी कांग्रेस

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।