A
Hindi News बिहार बिहार की सियासत से बड़ी खबर, JDU में शामिल हुए निशांत कुमार, पिता नीतीश कुमार को लेकर कह दी बड़ी बात

बिहार की सियासत से बड़ी खबर, JDU में शामिल हुए निशांत कुमार, पिता नीतीश कुमार को लेकर कह दी बड़ी बात

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जेडीयू की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने पटना स्थित पार्टी के ऑफिस में सदस्यता ग्रहण की, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Nishant Kumar- India TV Hindi Image Source : JDU/X निशांत कुमार ने ज्वाइन की JDU

पटना: बिहार की सियासत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज पटना में जेडीयू में शामिल हो गए। उन्होंने पटना स्थित जेडीयू के ऑफिस में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें ललन सिंह, विजय चौधरी, संजय झा, श्रवण कुमार मुख्य हैं। 

नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में नहीं आए

हैरानी की बात ये है कि बेटे निशांत कुमार के जेडीयू में शामिल होने के दौरान जो कार्यक्रम हुआ, उसमें नीतीश कुमार नहीं आए। ऐसे में इस बात की सियासत में काफी चर्चा रही।

जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद क्या बोले निशांत?

पार्टी ऑफिस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कहा, "यहां पर मौजूद आप सभी लोगों का अभिनंदन करता हूं। आप सब अपना कीमती समय निकालकर यहां आए। मैं आपका स्वागत और नमन करता हूं। मैं जेडीयू के पार्टी कार्यालय में जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने आया हूं। मैं एक सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी का ख्याल रखने की कोशिश करूंगा। मेरे पिताजी ने राज्यसभा जाने का निर्णय लिया है। ये उनका निजी फैसला है। मैं उसे स्वीकार करता हूं और उनका आदर करता हूं। हम सब मेरे पिता नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेंगे। पार्टी और जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।"

निशांत ने कहा, "एक पार्टी कार्यकर्ता के रूप में मैं पार्टी को मजबूत करने की कोशिश करूंगा। पापा ने जो 20 साल में किया, उसे जन-जन में पहुंचाने की कोशिश करूंगा और जनता के दिल में अपनी जगह बनाने की कोशिश करूंगा। मेरे पिताजी ने जो 20 साल में किया है, वह सबको याद रहेगा। पूरे देश और प्रदेश को मेरे पिता नीतीश कुमार पर गर्व है। आप सब मेरे पिताजी नीतीश कुमार पर अपना विश्वास बनाए रखें।"

गौरतलब है कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का फैसला लिया है। ऐसे में बिहार की सियासत में बड़े बदलाव के संकेत हैं। नीतीश के बेटे निशांत को भी पार्टी की सदस्यता इसीलिए ग्रहण कराई गई है, जिससे उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सके।