1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जनरेटर को बना दिया शराब का 'सीक्रेट लॉकर', पुलिस ने खोला तो उड़ गए होश, अंदर मिलीं 612 बोतलें

जनरेटर को बना दिया शराब का 'सीक्रेट लॉकर', पुलिस ने खोला तो उड़ गए होश, अंदर मिलीं 612 बोतलें

जनरेटर...जिसे बिजली बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है लेकिन सुपौल में इसी जनरेटर को शराब तस्करों ने'चलता-फिरता सीक्रेट लॉकर' बना दिया। बाहर से सब कुछ सामान्य लेकिन अंदर छिपी थी लाखों रुपये की विदेशी शराब। पुलिस ने जैसे ही जनरेटर खोला, वहां मौजूद हर शख्स के होश उड़ गए।

612 बोतल विदेशी शराब...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT 612 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई।

बिहार में शराबबंदी के एक दशक बाद भी अवैध तस्करों पर अंकुश लगता नहीं दिख रहा है। हालांकि शराबबंदी कानून को अमलीजामा पहनाने के लिए पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में सुपौल मद्य निषेध विभाग और स्थानीय पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। तस्करों ने शराब छुपाने के लिए ऐसा शातिर दिमाग लगाया कि एक बार को पुलिस भी हैरान रह गई।

आखिर कैसे पकड़ी गई यह खेप?

दरअसल, जिला मद्य निषेध व उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम ने त्रिवेणीगंज के निपनियां मोड़ के पास स्थित टुनटुन ट्रेडिंग के पास घेराबंदी की। जांच के दौरान एक बोलेरो पिकअप वैन को रोका गया। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो अधिकारी भी दंग रह गए।

तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए पिकअप वैन लोड कर रखे गए एक बड़े जनरेटर के के अंदर बेहद शातिर तरीके से गुप्त तहखाना (हिडन चैंबर) बना रखा था। इसी सीक्रेट चैंबर में विदेशी शराब की पूरी खेप छिपाकर बिहार में सप्लाई की जा रही थी, ताकि किसी को भनक तक न लगे।

Image Source : reporter inputजनरेटर में तहखाना

जनरेटर में तहखाना, अंदर 459 लीटर शराब

जनरेटर के भीतर बने तहखाने को खोलकर जब तलाशी ली गई,तो उसके भीतर से ग्रीन लेबल, बैगपाइपर, व्हाइट मिस्चीफ, रॉयल कास्ट और मैजिक मूवमेंट जैसी ब्रांडेड विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। बरामद की गई सभी बोतलें 750 ML की थीं। पुलिस ने कुल 51 कार्टून शराब जब्त की है, जिसमें कुल 612 बोतलें थीं। मापे जाने पर यह कुल 459 लीटर विदेशी शराब पाई गई।

Image Source : reporter inputदो शराब तस्कर गिरफ्तार।

तस्करों का शातिर खेल पुलिस ने पकड़ा

इस मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से दो शातिर शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में से एक की पहचान नीरज कुमार के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद का रहने वाला है। वहीं दूसरा तस्कर छोटू कुमार है, जो मधेपुरा के परसाही का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों का भी पर्दाफाश किया जा सके।

(रिपोर्ट- संत सरोज)

यह भी पढ़ें-

गुजरात के वडोदरा में घर से मिला शराब का जखीरा, तस्कर ने छिपाने के लिए फर्श के नीचे बना रखा था तहखाना, देखें VIDEO

गंगा में नाव पर शराब और मांस की पार्टी, इस मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपियों को कोर्ट से मिली जमानत