पटना: बिहार की सियासत में एक बार फिर सनसनी फैल गई है। पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बड़ा बयान दिया है और कहा है कि उनकी हत्या करवाई जा सकती है। तेज प्रताप ने 5 जयचंदों के नाम भी बताए हैं, जिनको लेकर वह अक्सर अपनी स्पीच में निशाना साधते रहे हैं।
तेज प्रताप ने कहा कि हमे झूठा फंसाया जा रहा है, जयचंद सब करवा रहा है। ये लोग जयचंद हैं। इन्हीं जयचंदों ने सब अफवाह उड़ाई है।
- मुकेश रौशन
- संजय यादव
- रमीज
- शक्ति सिंह
- सुनील सिंह
तेज प्रताप ने कहा, "मांझी जी के ट्वीट को खारिज कर रहे हैं। मेरा फोटो वायरल किया गया था। मेरा अकाउंट हैक किया गया था। अनुष्का से पूछो न आकाश भाटी कौन है, जो गोला रोड में रहता है। ये सब जयचंदों से पूछिए।"
अनुष्का को लेकर भी दिया बड़ा बयान
तेज प्रताप यादव ने अनुष्का को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, "मेरा अनुष्का से कोई रिश्ता नहीं है। अनुष्का से पूछिए कि आकाश भाटी कौन है। आकाश गुर्जर कौन है, जिससे अनुष्का गोला रोड मिलने जाती है। लगातार हमें परेशान किया जा रहा है। क्या हम फांसी लगा लें क्या? परिवार से हमको अलग करने की जयचंद की साजिश है।"
बता दें कि अनुष्का के साथ फोटो वायरल होने के बाद ही तेज प्रताप यादव को आरजेडी से बाहर निकाला गया था और परिवार से भी दूर कर दिया गया था।
सम्राट चौधरी से मिलने जाएंगे: तेज प्रताप
तेज प्रताप ने कहा, "सम्राट चौधरी जी से बात हुई है। जल्दी ही मिलने जाएंगे और हम कोर्ट जाएंगे। मेरे बारे में अफवाह उड़ाई जा रही है। मेरे बारे में अफवाह उड़ाने वाले गिरोह का संचालन मुकेश रौशन कर रहे हैं। मुकेश रौशन मेरी हत्या करा सकता है।"
तेज प्रताप यादव के इन बयानों के बाद बिहार की सियासत में हड़कंप मच गया है। इसके साथ ही उन 5 लोगों का नाम भी सामने आया है, जिन्हें तेज प्रताप यादव लंबे समय से जयचंद बताते आ रहे थे। अब देखना ये होगा कि इस मामले में लालू परिवार की क्या प्रतिक्रिया रहती है।