A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जदयू ने भाजपा को क्यों दे दिया CM का पद? उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कारण

जदयू ने भाजपा को क्यों दे दिया CM का पद? उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कारण

बिहार में सम्राट चौधरी के तौर पर भारतीय जनता पार्टी को अपना पहला मुख्यमंत्री मिल चुका है। वहीं, नयी सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाए गए जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने अब बताया है कि जदयू ने भाजपा को CM का पद क्यों दे दिया।

Bihar Deputy Chief Minister Vijay Kumar Choudhary - India TV Hindi
Image Source : PTI बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी।

बिहार में सम्राट चौधरी का सीएम के तौर पर शपथ ग्रहण हो चुका है। इसके साथ ही राज्य में पहली भाजपा ने अपना मुख्यमंत्री बनाया है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद से ही सम्राट चौधरी के सीएम बनने की बात सामने आने लगी थी। हालांकि, सभी के मन में ये सवाल जरूर था जदयू (नीतीश कुमार की पार्टी) वे भाजपा को मुख्यमंत्री का पद क्यों दिया। अब जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस सवाल का जवाब दे दिया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा है कि भाजपा ने पहले हमारा साथ दिया था, इसलिए मुख्यमंत्री पद उन्हें सौंपा है।

विजय चौधरी ने क्या बताया?

दरअसल, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को पटना में स्थित जदयू के कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि "भाजपा पुरानी सहयोगी है। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में जब हमारी सीटें काफी कम हो गई थीं, तब उसने हमारा समर्थन किया था। इसलिए तय किया गया कि अब हम भी उनके नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देकर उस सहयोग का प्रत्युत्तर दें।"

'विश्वास मत हासिल करेगी सरकार'

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के मुद्दे पर भी बात की। उपमुख्यमंत्री ने कहा- "शुक्रवार को सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नयी सरकार विधानसभा में विश्वास मत हासिल करेगी। इसी मकसद से विधानसभा का एक दिन का सत्र बुलाया गया है। NDA के पास प्रचंड बहुमत है, इसलिए विश्वास मत जीतना तय है। इस बात को भी ध्यान रखना चाहिए कि नीतीश कुमार का आशीर्वाद नयी सरकार के साथ है। राज्य की जनता ने बार-बार उन पर भरोसा जताया है, इसलिए सभी निश्चिंत रहें कि नयी सरकार नीतीश कुमार के पदचिह्नों पर चलेगी।''

आपको बता दें कि बीते हफ्ते सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ में जदयू के विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। करीब 20 साल तक बिहार के सीएम रहने वाले नीतीश कुमार अब राज्यसभा के सदस्य बन गए हैं। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- बिहार कैबिनेट की बैठक में 22 एजेंडों को मंजूरी, 'पुलिस दीदी' को मिलेगी 1500 स्कूटी, बाबा हरिहरनाथ मंदिर के लिए 680 करोड़

जेडीयू की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, नीतीश ने संजय झा पर फिर जताया भरोसा, बने कार्यकारी अध्यक्ष