पटना की कुम्हरार सीट से बीजेपी विधायक संजय गुप्ता की गाड़ी बेगूसराय जीरोमाइल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। जानकारी के मुताबिक इस हादसे में भाजपा नेता घायल हो गए हैं। उन्हें सपरिवार बेगूसराय में ग्लोकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। संजय गुप्ता आज भाजपा विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए पश्चिम बंगाल से पटना लौट रहे थे, इसी दौरान उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
गाड़ी में भाजपा विधायक संजय गुप्ता, उनकी पत्नी और बेटी भी मौजूद थीं। दुर्घटना सोमवार की देर रात्रि करीब तीन बजे हुई है। दुर्धटना के बाद संजय गुप्ता ने खुद बेगूसराय के बीजेपी के कुछ नेताओं को फोन किया, दुर्घटनास्थल पहुंचे लोगों ने उन्हें तत्काल सपरिवार हॉस्पिटल में भर्ती कराया है।
देखें वीडियो
विधायक ने खुद फोन कर एक्सीडेंट की दी जानकारी
बीजेपी के स्थानीय नेता अमरेंद्र कुमार अमर ने बताया कि देर रात 3 बजे संजय गुप्ता की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। संजय गुप्ता ने उसी समय उन्हें फोन करके सड़क हादसे में घायल हो जाने की जानकारी दी। इतना सुनते ही वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे जहां उनकी गाड़ी सड़क पर पलटी हुई थी। तुरंत उन्होंने ग्लोबल हॉस्पिटल में संजय गुप्ता और उनके परिवार को एडमिट कराया जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। बीजेपी नेता अमरेंद्र अमर के अनुसार सड़क पर किसी ट्रक का स्टेपनी पहले से गिरा हुआ था जिसको ड्राइवर देख नहीं सका और जिस वजह से एक्सीडेंट हुआ।