1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सड़क किनारे आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा, 5 की मौत, छठी वाले दिन बेटे ने पिता को खोया

सड़क किनारे आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा, 5 की मौत, छठी वाले दिन बेटे ने पिता को खोया

जिस व्यक्ति ने बेटे के छठी कार्यक्रम में ऑर्केस्टा बुलाया था, उसकी भी हादसे में मौत हो गई। ऐसे में मासूम के सिर से पिता का साया छिन गया। इस हादसे की वजह से परिवार का जश्न मातम में बदल गया।

Orchesta Accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ऑर्केस्टा में बस घुसने से 5 की मौत

बिहार के पश्चिमी चंपारण में एक बस बेकाबू होकर ऑर्केस्टा देख रहे लोगों की भीड़ में घुस गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना लौरिया थाना क्षेत्र की है। यहां देर रात भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई। बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के समीप तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि बनकटवा निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था। इसी मौके पर सड़क किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान गोरखपुर की तरफ से बेतिया जा रही एक यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच टक्कर से बचने की कोशिश में बस अनियंत्रित हो गई और सीधे कार्यक्रम स्थल में जा घुसी। बस की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए।

छह दिन के बच्चे से छिना पिता का साया

मृतक के परिजनों के मुताबिक इस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, स्थानीय पुलिस की ओर से अभी तक मृतकों की संख्या पांच होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर यह है कि मृतकों में देवेंद्र दुबे भी शामिल हैं, जिनके बच्चे का छठियार कार्यक्रम उसी वक्त चल रहा था। जिस घर में बच्चे के आने की खुशी मनाई जा रही थी, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया।

घायल बेतिया जीएमसीएच में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए बेतिया जीएमसीएच भेजा गया। घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के भाई जयप्रकाश महतो के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान अचानक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर आर्केस्ट्रा में घुस गई, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ की

हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ भी की। स्थिति को देखते हुए नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेजने की कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एक तरफ बच्चे के छठियार की खुशियां थीं, दूसरी तरफ सड़क पर मौत का ऐसा मंजर आया कि पूरा गांव मातम में डूब गया। हादसे ने सड़क किनारे आयोजित कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

(बेतिया से सुमित कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद, हाजीपुर में मोटरसाइकिल सवार की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर AK-47 केस में NIA ने आरोपी भैरव त्रिपाठी को दबोचा, मामले में 6 गिरफ्तार